जीरकपुर। स्थानीय पुलिस ने गांव शताबगढ़ की महिला सरपंच की शिकायत पर तीन लोगों को नामजद कर उनके खिलाफ अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस के एसआई हरदीप सिंह ने बताया कि गांव शताबगढ़ की महिला सरपंच उषा देवी ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई है, कि गांव की पंचायत की ओर से गांव की गलियों-नालियों का काम करवाया जा रहा है। यहां गांव के कुछ लोगों ने पंचायती जमीन पर कब्जा किया हुआ है। जिसके लिए पंचायत की ओर से उन सभी लोगों के घर जाकर पंचायती जमीन से कब्जा छोड़ने के लिए समझाया जा रहा था और उन्हें सूचित भी किया गया था।
24 अगस्त को सुबह करीब 9 बजे सरपंच उषा देवी और गांव के पंच गांव की उस कब्जा की गई जमीन पर गए थे। वहां पहले से मौजूद गांव शताबगढ़ निवासी वरिंदर सिंह पुत्र श्याम सिंह, सुरजीत सिंह पुत्र सुच्चा सिंह और काला सिंह पुत्र शेर सिंह ने सरपंच उषा देवी के साथ गाली गलौच की और मारपीट में उन्हें थप्पड़ मार दिया।
इस दौरान महिला सरपंच को काफी चोटें आई हैं। उनका ढकोली अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 323, 354 और 34 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।