जीरकपुर। शहर में पिछले 15 दिन से अवैध कॉलोनियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही थी। इसके चलते पभात क्षेत्र में वार्ड नंबर-30 के कांग्रेस पार्षद नवतेज नवी के भाई प्रहलाद धीमान पर खेतीबाड़ी की जमीन पर बिना सीएलयू के और मंजूरी लिए बिना कॉलोनी काटने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। जानकारी के मुताबिक करीब दो महीने पहले नगर काउंसिल की टीम कार्रवाई करने गई थी, तो कॉलोनाइजरों की ओर से काउंसिल की टीम के साथ हाथापाई और धक्का मुक्की भी की गई थी। इसके बाद सियासी दबाव के चलते काउंसिल कर्मचारियों को बिना कार्रवाई के वापस लौटना पड़ा था। लेकिन विधानसभा चुनाव को लेकर लगाई गई चुनाव आचार संहिता खत्म होने के बाद नगर काउंसिल की टीम की ओर से पुलिस की मदद से अवैध कॉलोनी को तोड़ा गया और नगर काउंसिल जीरकपुर के अधिकारियों की ओर से थाना जीरकपुर को पर्चा दर्ज करने के लिए लिखित शिकायत दी गई थी। इस पर कार्रवाई करते हुए जीरकपुर पुलिस की ओर से कार्यकारी अधिकारी नगर काउंसिल जीरकपुर की शिकायत पर प्रहलाद धीमान निवासी वार्ड नंबर-30 जीरकपुर और एक अज्ञात के खिलाफ धारा (36)1 पंजाब अपार्टमेंट्स एंड प्रॉपर्टी रेगुलेशन एक्ट 1995 के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
केस दर्ज कर शुरू की कार्रवाई
इस मामले में कार्यकारी अधिकारी नगर काउंसिल जीरकपुर की ओर से शिकायत दी गई थी। इसके तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रहलाद धीमान और एक अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी गई है। - नवनीत माहल, डीएसपी सब डिवीजन जीरकपुर।
उक्त कॉलोनी मेरी नहीं
जिस अवैध कॉलानी की बात की जा रही है, वह मेरी कॉलोनी नहीं है। लेकिन इस मामले में अगर मेरा नाम आ रहा है तो मैं इसका जवाब भी दूंगा। -प्रहलाद धीमान, कांग्रेस पार्षद नवतेज नवी के भाई।