लालड़ू। अंबाला-चंडीगढ़ मुख्य मार्ग पर पैदल सड़क पार कर रहे 47 वर्षीय लालड़ू निवासी जो सब्जीमंडी में आढ़ती का काम करता था, को कार ने टक्कर मार दी। घायल को चंडीगढ़ के सेक्टर-32 में ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार अशोक कुमार राणा अपने घर के सामने पैदल मुख्य मार्ग पार कर रहा था। इस दौरान तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से गंभीर रूप से जख्मी हो गया। अशोक कुमार को सरकारी अस्पताल डेराबस्सी में ले जाया गया, जहां से उसे सेक्टर-32 चंडीगढ़ के अस्पताल में रैफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। जांच अधिकारी बलजिंदर सिंह ने बताया कि अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।