मोहाली में कैंसर का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। पीड़ितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इस समय जिले में कैंसर मरीजों की 484 हो गई है, जबकि दो मार्च को जिला प्रशासन की ओर से जारी की गई रिपोर्ट के अनुसार कैंसर मरीजों की संख्या 426 थी। ऐसे में चार माह में 58 कैंसर पीड़ितों की संख्या बढ़ी है। इनका इलाज राज्य के अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है। कैंसर पीड़ितों के इलाज के लिए मुख्यमंत्री कैंसर फंड से सात लाख 26 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है। जबकि पांच अन्य मरीजों को सात लाख पचास हजार की सहायता जल्द ही दी जाएगी। इसके लिए प्रशासन ने अपनी तरफ से तैयारी पूरी कर ली है। जानकारी के मुताबिक, जिले में कैंसर पीड़ित मरीजों के लिए अब तक 489 आवेदन आए थे।
जबकि जनवरी 2016 से अब तक कैंसर पीड़ित मरीजों की वित्तीय सहायता के लिए 73 अर्जियां आई हैं। वहीं, 68 कैंसर पीड़ित मरीजों को एक करोड़ दो लाख रुपये की वित्तीय सहायता दी गई। वहीं, स्कूल हेल्थ योजना के तहत मेडिकल चेकअप किया जाता है। सेहत विभाग की टीमों की तरफ से 137 स्कूलों में करीब 9146 बच्चों का चेकअप किया गया। साथ ही बच्चों को मुफ्त चश्में भी प्रदान किए गए। डिप्टी कमिश्नर दलजीत सिंह मांगट ने बताया कि उनकी तरफ से लोगों की सेहत सुविधाओं के लिए पूरे इंतजाम किए जा रहे हैं। वहीं, दूर दराज के लोगों को बेहतर डॉक्टरी सुविधाएं देने के लिए मोबाइल मेडिकल यूनिट शुरू की गई। इस मोबाइल यूनिट का अलग-अलग गांवों के अलावा भट्ठों पर जाकर भी मरीजों का चेकअप किया जाता है। इस मोबाइल यूनिट में ईसीजी एक्सरे व लैब टेस्ट की भी सहूलियत है। मरीजों को दवाएं मुफ्त दी जाती है।