दबंग किस्म का युवक युवती के पीछे पड़ा है। उसने युवती को धमकी दी है कि अपनी जेब में उसके नाम की चिट्ठी लिखकर जान दे देगा और इस केस में उसे फंसा देगा। पीड़ित परिवार डर के कारण रिश्तेदारों के घर रह रहा है। खरड़ पुलिस के सुनवाई न करने पर पीड़ित परिवार ने अब एसएसपी से गुहार लगाई है।
पीड़ित परिवार के सदस्य ने प्रेस कांफ्रेंस में आरोप लगाया कि यह मामला करीब पांच महीने पहले शुरू हुआ था। उनके पड़ोस में एक शादी थी। आरोपी ने उनकी भतीजी की नाचते हुए फोटो खींची और एक नामी सिंगर का गाना फिट कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। आरोपी ने अपनी आईडी से इसे पोस्ट किया था।
जब उन्होंने इसका विरोध किया तो गांव की पंचायत ने फैसला करवा दिया। लेकिन घटना के कुछ समय बाद आरोपी ने गली में उनकी भतीजी को रोक लिया। इस मामले में फिर से पंचायत हुई, जिसमें तय हुआ कि अगर अब दोबारा कोई हरकत करेगा तो उस पर 20 हजार रुपये जुर्माना होगा। इसका फैसला लिखित रूप में हुआ था।
इसके बाद भी आरोपी नहीं रुका और उसने अपने तीन दर्जन साथियों को लेकर उन पर हमला कर दिया। इस हमले में उनके माता-पिता, मामा व भाई घायल हो गए। इतना ही नहीं आरोपियों ने उनके घर में तोड़फोड़ करने के साथ फायर भी किए।
फेसबुक पर हथियारों सहित किए फोटो अपलोड
पीड़िता के पारिवारिक सदस्य ने आरोप लगाया कि आरोपी ने अपनी फेसबुक आईडी पर हथियारों के साथ फोटो अपलोड की है। साथ ही उनकी भतीजी को धमकियां देता है कि उसकी बात नहीं मानी तो उसके नाम की चिट्ठी जेब में रखकर खुदकुशी कर लेगा। साथ ही उसे झूठे मामले में फंसा देगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि जब वह शिकायत लेकर खरड़ थाने में गए तो थाने वालों ने उनकी शिकायत दर्ज नहीं की। कोरोना के चलते पब्लिक डीलिंग बंद होने के कारण उन्हें वापस घर भेज दिया गया। उन्होंने एसएसपी को शिकायत देकर उचित कार्रवाई की मांग की है।