मोहाली। पंजाब के विभिन्न जिलों में बम धमकी से जुड़े फर्जी और डराने वाले ई-मेल भेजे जाने का मामला सामने आने के बाद राज्य साइबर क्राइम थाना मोहाली में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
पुलिस को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली थी कि कुछ अज्ञात तत्वों की ओर से आरडीएक्स या आईईडी लगाए जाने की धमकी वाले ई-मेल भेजे जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य आम जनता में भय फैलाना और सार्वजनिक व्यवस्था को बाधित करना है।
पुलिस के अनुसार ये धमकी भरे ई-मेल पंजाब के कई प्रमुख स्थानों पर प्राप्त हुए हैं, जिनमें कोर्ट परिसरों, जिला प्रशासनिक कार्यालयों और राज्य के अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों के आधिकारिक ई-मेल पते शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये ई-मेल पूरी तरह से फर्जी और अफवाह फैलाने के इरादे से भेजे गए हैं, लेकिन इनकी गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं।
गुप्त सूचना के विश्लेषण से यह आशंका जताई जा रही है कि इस तरह की गतिविधियों के पीछे संगठित गैर-राज्य तत्व या राष्ट्र विरोधी ताकतें हो सकती हैं, जो राज्य में शांति भंग करने और विभिन्न वर्गों के बीच वैमनस्य फैलाने की कोशिश कर रही हैं।
राज्य साइबर क्राइम पुलिस ने इस मामले में अज्ञात ई-मेल भेजने वालों और उनके सहयोगियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी जांच के जरिए ई-मेल की उत्पत्ति, आईपी एड्रेस और इस्तेमाल किए गए डिजिटल माध्यमों की गहन पड़ताल की जा रही है। साथ ही संबंधित जिलों में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध सूचना की तुरंत पुलिस को जानकारी दें।