बलौंगी-कुभड़ा रोड पर शार्टकटों के कारण आए दिन होने वाले हादसों पर अब रोक लगेगी। गमाडा ने इस समस्या से निपटने के लिए रोड के सेंटर में लोहे की ग्रिल लगानी शुरू कर दी है। रोड के दोनों साइड रेलिंग रहेगी।
जानकारी के मुताबिक, बलौंगी-कुभड़ा रोड शहर का दूसरा प्रमुख मार्ग है, जहां पर सबसे ज्यादा ट्रैफिक रहता है। सड़क पर जगह-जगह खुले कटों की वजह से आए दिन हादसे होते हैं। इन हादसों में लोग अपनी जान तक गवां चुके हैं। कई बार लोग इस सड़क पर रेलिंग लगाने की मांग कर चुके हैं। हर बार गमाडा इस मामले की अनदेखी कर देता था। लोगों ने जब यह मामला पार्षदों और निगम में भी उठाया। इसके बाद गमाडा ने रोड पर रेलिंग लगाने की दिशा में कार्रवाई शुरू की। रेलिंग कुंभड़ा से पीसीएल चौक तक लगाई जा चुकी है। जबकि शेष काम को जल्द पूरा करने का दावा गमाडा कर रहा है।
बलौंगी-खरड़ हाईवे के सभी कट होंगे बंद
दूसरी तरफ बलौंगी-खरड़ हाईवे पर लोगों ने अपनी मर्जी से विभिन्न जगह कट बना लिए है। इन कटों को भी जल्द ही बंद कर दिया जाएगा। कुछ समय पहले डीसी ने यह कट बंद करने के आदेश दिए थे। इसके बाद संबंधित विभाग व पुलिस ने कट बंद किए थे, लेकिन उसके बाद दोबारा लोगों ने कट बना लिए थे।
एक्सिडेंट प्रोन एरिया के लगेंगे बोर्ड
गमाडा के अधिकारियों के मुताबिक, गमाडा जिन सड़कों विकसित कर रहा है। उन पर रोड सेफ्टी सिस्टम विकसित करने पर भी पूरा जोर दिया जा रहा है। इस कड़ी में रोड पर स्थित विभिन्न एक्सिडेंट प्रोन एरिया की पड़ताल कर ली गई है। अब वहां पर एक्सिडेंट प्रोन एरिया के साइन बोर्ड लगाए जाएंगे।