मोहाली। शहीद-ए-आजम भगत सिंह की प्रतिमा के अनावरण को लेकर भारतीय जनता पार्टी के लगातार किए जा रहे प्रदर्शन के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर निशान-ए-इंकलाब प्लाजा (शहीद ए आजम भगत सिंह की प्रतिमा) का अनावरण करेंगे।
यह उद्घाटन 4 दिसंबर को शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे मोहाली में होगा। इस बारे में एयरपोर्ट पर की जा रही तैयारियों का जायजा लेते हुए डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि प्लाजा में मुख्य आकर्षण के रूप में महान स्वतंत्रता सेनानी और राष्ट्र के नायक सरदार भगत सिंह की 30 फीट ऊंची प्रतिमा लगाई गई है, जो लोगों को स्वतंत्रता संग्राम के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदानों से अवगत कराएगी।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों को प्लाजा के उद्घाटन के लिए तैयार करने के लिए सभी अंतिम रूप देने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभागों में उचित समन्वय होना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के कारण निवासियों के आगमन और प्रस्थान में कोई परेशानी नहीं होगी। क्षेत्र को किसी भी यातायात बाधा से मुक्त रखने पर विशेष ध्यान दिया गया है।
डिप्टी कमिश्नर के दौरे के दौरान एडीसी विराज एस तिड़के और सोनम चौधरी, कमिश्नर एमसी टी बेनिथ, एसीए गमाडा अमरिंदर सिंह टिवाना, एसडीएम मोहाली दमनदीप कौर, एसपी (ट्रैफिक) एचएस मान, कार्यकारी इंजीनियर पीडब्ल्यूडी शिवप्रीत सिंह और एसएस भुल्लर, कार्यकारी इंजीनियर बागवानी गमाडा मनदीप सिंह लाचोवाल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।