फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डेराबस्सी में कांग्रेस को बड़ा झटका, 9 पार्षद आप में शामिल, नगर परिषद की प्रधानी तय

विज्ञापन
विज्ञापन
डेराबस्सी। कांग्रेस को तगड़ा झटका देते हुए पार्टी के सात पार्षदों ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी (आप) का हाथ थाम लिया। इनके साथ भाजपा पार्षद अमित वर्मा और आजाद पार्षद आशु उपनेजा भी आप में शामिल हो गए। वहीं, तीन अकाली पार्षदों ने भी आप को समर्थन देने की घोषणा कर दी। इसके साथ ही नगर परिषद में आप की सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया। विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने सभी पार्षदों को पार्टी में शामिल कराया।
विज्ञापन

राज्य में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद से ही यहां कांग्रेस में बगावत शुरू हो गई थी। कांग्रेस और अन्य दलों के पार्षदों ने खुलेआम नगर परिषद प्रधान रणजीत सिंह रेड्डी का विरोध शुरू कर दिया था और हलका विधायक कुलजीत सिंह रंधावा के साथ बैठक करने लगे थे। कुछ समय पहले एक सफाईकर्मी को जातिसूचक शब्द बोलने के मामले में पुलिस ने प्रधान रणजीत रेड्डी को गिरफ्तार कर लिया था। वह 21 दिन न्यायिक हिरासत में रहे। उनकी गैरहाजिरी में पार्षदों की बगावत और बढ़ गई। जेल से बाहर आने पर रेड्डी माहौल को भांप गए और प्रधान पद से इस्तीफा दे दिया। तब से ही कयास लगाए जा रहे थे कि बागी पार्षद जल्द आम आदमी पार्टी में शामिल हो सकते हैं।
अब आप के पास बहुमत
आम आदमी पार्टी को नगर परिषद में प्रधान बनाने के लिए कुल 19 में से 11 पार्षदों की जरूरत थी। पार्टी में मंगलवार को नौ पार्षद शामिल हो गए। इसके अलावा अकाली दल के तीन पार्षदों ने अपना समर्थन दे दिया है। एक वोट हलका विधायक कुलजीत सिंह रंधावा है, जिन्हें मिलाकर आप के पास कुल 13 वोट हो गए हैं। ऐसे में नया प्रधान बनाने के लिए अब आप के पास बहुमत है।
विज्ञापन

19 में आप का एक भी पार्षद नहीं था
नगर परिषद डेराबस्सी में कुल 19 पार्षद हैं। नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस के 14, अकाली दल के तीन, एक भाजपा और एक निर्दलीय पार्षद के चुने गए थे। कांग्रेस के पास बहुमत था, इसलिए हलका इंचार्ज दीपइंदर सिंह ढिल्लों ने अपने नजदीकी रणजीत सिंह रेड्डी को प्रधान बनाया लेकिन राज्य में जैसे ही आम आदमी पार्टी की सरकार आई। प्रधान रेड्डी का खुलेआम विरोध शुरू हो गया। आम आदमी पार्टी का अपना कोई पार्षद नहीं था। अब बिना पार्षद पार्टी नगर परिषद पर कब्जा करने जा रही है।
यह पार्षद हुए शामिल
मंगलवार को कांग्रेस से जो पार्षद आम आदमी पार्टी में शामिल हुए उनमें वार्ड नंबर सात से विपिनदीप कौर, वार्ड नंबर आठ से जसविंदर सिंह, वार्ड नंबर 11 से इंदु सैनी, वार्ड नंबर 15 से सुषमा चड्ढा, वार्ड नंबर-16 से हरविंदर पटवारी, वार्ड नंबर-17 से कुलविंदर कौर, वार्ड नंबर-19 से विक्रांत पवार के नाम हैं। वहीं, वार्ड नंबर 12 से भाजपा पार्षद अमित वर्मा और वार्ड नंबर 13 से आजाद पार्षद आशु उपनेजा और पत्नी नरेश उपनेजा आप में शामिल हुए।
शहर के विकास के लिए समर्थन : टोनी राणा
अकाली दल के पार्षद व नगर परिषद के पूर्व सीनियर उपप्रधान मनविंदर सिंह टोनी राणा व अकाली दल के पार्षद हरविंदर सिंह पिंका ने कहा कि शहर के विकास को देखते हुए अकाली दल के तीनों पार्षदों ने नए प्रधान के चुनाव के लिए विधायक रंधावा को समर्थन दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह अकाली दल में रह कर बाहर से समर्थन देंगे।
अमर उजाला ने पहले ही किया था खुलासा
प्रधान रणजीत रेड्डी के खिलाफ पार्षदों की बगावत के बारे में सबसे पहले अमर उजाला ने ही खुलासा किया था। अमर उजाला ने पार्षदों की ओर से विधायक रंधावा को मिलकर प्रधान पद के लिए अविश्वास प्रकट करने और उनको हटाकर नया प्रधान बनाने की मांग की थी। इस बारे में अमर उजाला ने विस्तार के साथ रिपोर्ट प्रकाशित की थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें