खरड़। पंजाब में जब से मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी की सरकार बनीं है, तब से ही आम लोगों के लिए बड़े और ऐतिहासिक फैसले लेकर राज्य के लोगों को राहत दी जा रही है और इसके मद्देनजर ''आप दी सरकार, आप दे द्वार'' स्कीम के तहत गांवों तथा शहरों में कैंप लगाए जा रहे हैं। इन कैंपों में आम लोगों को एक ही जगह पर अलग अलग तरह की 44 सेवाए मुहैया हो रही हैं और यह कैंप जन सेवा क्षेत्र में भगवंत मान सरकार की नई क्रांति का आगाज हैं। यह विचार कैबिनेट मंत्री अनमोल गगन मान ने खरड़ के नजदीकी गांव जकड़माजरा में आप की सरकार आपके द्वार स्कीम के तहत लगाए गए कैंप का जायजा लेने के अवसर पर प्रकट किए। उन्होंने कहा कि इन कैंपों को लोगों का मिल रहा सहयोग इस बात का गवाह है कि सरकार के लोकहित्त फैसलों से पंजाबी बहुत खुश हैं। इस अवसर पर उनके साथ एसडीएम खरड़ गुरमंदर सिंह भी मौजूद थे। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पहले लोगों को सुविधाएं प्राप्त करने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते थे जिस कारण उन्हें काफी परेशानी झेलनी पड़ती थी परंतु अब इन कैंपो के माध्यम से लोगों को उनके घरों के पास ही सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा 1076 नंबर भी जारी किया गया है जिस पर संपर्क करके लोगों द्वारा अपने घरों में ही सरकारी सुविधाएं हासिल की जा सकती हैं।
कैबिनेट मंत्री ने आगे कहा कि इन कैंपों में जन्म सर्टिफिकेट, आय प्रमाण पत्र, रिहायश प्रमाण पत्र, अनुसूचित तथा पिछड़ी श्रेणी के सर्टिफिकेट, बुढ़ापा, दिव्यांग तथा आश्रित पैंशन, जन्म सर्टिफिकेट में नाम की तबदीली, बिजली के बिलों का भुगतान, माल विभाग संबंधी रिकार्ड की पड़ताल, विवाह की रजिस्ट्रेशन, मौत के सर्टिफिकेट की एक से अधिक कापियां, ग्रामीण क्षेत्र सर्टिफिकेट, फर्द बनाना, शगुन स्कीम, जमीन की निशानदेही, एनआरआई के सर्टिफिकेटों को काउंटर साईन करना, पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट पर काऊंटर साईन, मौत सर्टिफिकेट में तबदीली आदि सेवाएं मुहैया करवाई जा रही हैं। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने लोगों को अपील करते हुए कहा कि लोग बढ़चढ़ कर इन कैंपो का लाभ लें। पंजाब सरकार राज्य की तरक्की के लिए दिन रात एक करके काम कर रही है और राज्य के विकास में कोई कसर नही छोड़ी जाएगी।