मोहाली। सोहाना थाना पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर जलालाबाद निवासी युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है। आरोपी की पहचान बलराज सिंह के तौर पर हुई है। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपी फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।
पीड़ित युवती ने मामले की शिकायत एसएसपी मोहाली को दी थी। एसएसपी ने सोहाना थाने को जांच मार्क की थी। पीड़ित युवती ने अपने बयान में पुलिस को बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से बलराज सिंह से उसका संपर्क हुआ था। दोनों में बाद में दोस्ती और फिर प्यार हो गया। बलराज उसे कई बार शादी के लिए प्रपोज कर चुका था। जब उसने शादी के लिए हां कर दी तो उसने कहा कि वह अपने परिवार में शादी की बात करेगा। आरोप है कि शादी का झांसा देकर बलराज ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया और बाद में शादी से इंकार कर दिया। युवती ने उसे शादी का दबाव बनाया तो बलराज ने उससे सभी संपर्क तोड़ लिए।