मोहाली। जिले में करंट से मौतों के बाद भी जिला प्रशासन और पावरकॉम की आंख नहीं खुली हैं। हालात यह हैं कि मोहाली और आसपास के कई गांवों में बिजली के तार ऊपर तो लटके ही हैं, साथ ही नीचे भी बिजली के बॉक्स खुले पड़े हैं। जरा से जलभराव से यहां बड़े हादसे का खतरा मंडरा सकता है। इन गांवों में बिजली की यह समस्या काफी पुरानी है लेकिन बारिश के साथ ही निवासियों की सांसें अटक गई हैं।
मोहाली के बलौंगी, जुझार नगर, बहलोलपुर, बड़माजरा, झामपुर में बिजली के तार लटके हुए हैं। जिसमें पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। कई घर ऐसे हैं, जहां पर तार एकदम मकान के साथ जुड़ी हुई जा रही हैं। ऐसी स्थिति में कई बार मकान में भी करंट उतरने की शिकायतें आने लगी हैं।
सावधानी से रहना पड़ता है हमको
लोगों का कहना है कि हाईटेंशन तार और घरों के बिजली के तार के साए में वह भी बड़ी सावधानी रहते हैं। जरा सी चूक में जान पर बन आती है। बलौंगी मोहाली का सबसे बड़ा गांव है और जुझार नगर को बसे वर्षों गुजर चुके हैं, यहां कंस्ट्रक्शन तो बढ़ता गया पर बुनियादी सुविधाएं हैं नहीं।
44 हजार की आबादी डर के साए में
बलौंगी की आबादी करीब 22 हजार है, जुझार नगर और बड़माजरा की आबादी करीब 20 हजार है। यह सारी आबादी ही डर के साए में जी रही है। जुझार नगर तो तारों के ऐसे जंजाल में उलझा है, दूसरी ओर बलौंगी भी हाईटेंशन वायर और बिजली की तारों के साए में डरकर जिंदगी काट रहा है।
कोट्स
गांव बलौंगी में काफी समय से यह समस्या है। हाईटेंशन वायर घरों के ठीक ऊपर से गुजर रही है और नीचे जमीन पर मीटर खुले पड़े हैं। दुर्घटना कभी भी हो सकती है। अब बारिश आ गई है तो समस्या कुछ ज्यादा है। इससे हमको बचाव चाहिए। -लाल बहादुर, पंच, बलौंगी
कोट्स
नेताओं को भी जानकारी दी
हमने समस्या बिजली विभाग के अधिकारियों को बताई, हमने कई नेताओं को भी इसकी जानकारी दी, अब तक कोई हल नहीं निकला। बारिश के दौरान यह समस्या काफी ज्यादा विकराल हो चुकी है। जल्द से जल्द इस समस्या का हल निकाला जाए। -आरिफ अंसारी, निवासी, जुझारनगर
समस्या का जल्द से जल्द हल करें
बलौंगी में बारिश के बाद स्थिति काफी ज्यादा खतरनाक हो चुकी है। तारों की समस्या का अब जल्द से जल्द हल किया जाए। पहले भी कई जगह पर करंट उतरने की घटना हो चुकी है। ऐसी स्थिति में हमको काफी ज्यादा डर है कि कोई बड़ा हादसा न हो जाए। -दीप नारायण, निवासी, बलौंगी
हमारी जान जोखिम में
लटकती तार की इस समस्या का हल जल्द से जल्द निकाला जाना चाहिए। हम तो यहां जान जोखिम में डालकर रह रहे हैं। बारिश के मौसम में कई बार करंट उतरने की घटनाएं देखने में आई हैं। बिजली विभाग और प्रशासन को इसको जल्द ठीक करवाना चाहिए। -शंकर सिंह, निवासी, बलौंगी