खरड़। सरकारी अस्पताल खरड़ में शुक्रवार को उस समय दहशत फेल गई जब यहां लड़ाई झगड़े में घायल हुए भर्ती एक युवक के तीमारदारों पर अचानक कुछ लोगों ने आकर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में चार लोग घायल हो गए और अस्पताल में दाखिल मरीजों में भगदड़ मच गई।
इस हमले में घायल सरकारी अस्पताल खरड़ में भर्ती तेजपाल निवासी गांव बहलोलपुर ने बताया कि बुधवार की रात उनके गांव के कुछ लोगों ने किसी बात पर उनके बेटे संदीप के साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया था। इसके बाद जब वीरवार को वह अपने घायल बेटे संदीप को कार में लेकर अस्पताल जा रहे थे तो जिन्होंने बेटे पर हमला किया था वह रास्ते में अपने ट्रैक्टर पर आ रहे थे। इसी दौरान उन्होंने हमारी कार को ट्रैक्टर से पीछे से टक्कर मार दी और कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके साथ ही मेरे बेटे संदीप के साथ दोबारा मारपीट की। इसके बाद वह वहां से चले गए और बेटे संदीप को सरकारी अस्पताल खरड़ में भर्ती करवा दिया था।
इसके बाद जब शुक्रवार को तेजपाल गांव के कुछ लोगों के साथ अपने बेटे का हाल पूछने के लिए अस्पताल आए हुए थे तो इसी दौरान कुछ लोगों ने अचानक अस्पताल में दाखिल होकर उन पर तेजधार हथियारों गंडासियों, लोहे की रॉड और तलवारों से हमला कर दिया। इस हमले में अस्पताल में भगदड़ मच गई और आसपास भर्ती मरीजों में दहशत फेल गई। इस हमले में उनके बेटे संदीप कुमार के अलावा उनके साथ आए रिश्तेदारों में संजीव कुमार, अनिल कुमार और प्रिंस बुरी तरह घायल हो गए।
अस्पताल में दाखिल संजीव ने बताया कि वह अपने भाई के साथ अस्पताल में दाखिल गांव के लोगों की खबर लेने पहुंचे थे। जब वह वार्ड में खड़े थे तो दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके ऊपर हमला कर दिया। जब उन्होंने रोकने की कोशिश की तो हमलावरों ने उस पर और उनके भाई पर भी हमला करके घायल कर दिया। यह वारदात अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। इसकी जानकारी पुलिस को दी जाएगी।
इस वारदात के बाद डॉ. रंजीत कौर रंधावा ने बताया कि जब मरीजों पर हमला हुआ तो वह अपने रूम में थीं। जब अस्पताल के मुलाजिमों ने हमलावरों को रोकने की कोशिश की तो हमलावर उन्हें भी डराने धमकाने लगे। जब अस्पताल में शोर मच गया तो हमलावर अपने हथियार अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि इस वारदात की सूचना सीएमओ और खरड़ पुलिस को दे दी है।
खरड़ सिटी पुलिस ने अस्पताल में पहुंचकर हमलावरों के हथियार कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस थाना बलौंगी के जांच अधिकारी ने कहा कि मामले की जांच चल रही और सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद कार्रवाई की जाएगी।