फ्लाईओवर के नीचे से वाहन निकाले तो वहां भी जाम जैसे हालात बने, ट्रैफिक पुलिस ने की मशक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
जीरकपुर। फ्लाईओवर पर साइड मारने पर दो टैक्सी चालकों में हुई बहस के कारण दो घंटे तक शहर में जाम लगा रहा। ट्रैफिक पुलिस ने मशक्कत कर फ्लाईओवर के नीचे से वाहन निकाले तो वहां भी जाम जैसे हालात बन गए।
शुक्रवार सुबह करीब सवा 11 बजे दो टैक्सियां एक दूसरे को ओवरटेक कर रही थीं, इस दौरान एक ने दूसरे को साइड मार दी। गाड़ियों को तो कम नुकसान हुआ लेकिन उनकी बहस के कारण कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जिसे दो घंटे के बाद ट्रैफिक पुलिस ने खुलवाया।
फ्लाईओवर जाम होने पर ट्रैफिक पुलिस ने वाहनों को फ्लाईओवर के नीचे से निकालना शुरू किया, ऐसे में वहां भी जाम जैसे हालात बन गए। दो घंटे जाम में फंसे कई वाहनों के चालक पसीने से तर-बतर हो गए।
पंजाब नंबर की टैक्सी को मोहित कुमार चला रहा था। चंडीगढ़ नंबर की टैक्सी अजय कुमार चला रहा था। दोनों गाड़ियां चंडीगढ़ से डेराबस्सी जा रही थीं। बताया जा रहा है कि दोनों गाड़ियों में ड्राइवर ही थे। पंजाब नंबर आर्टिगा टैक्सी चालक मोहित कुमार ने बताया वह डेराबस्सी की तरफ जा रहा था, जैसे ही फ्लाईओवर पर पहुंचा और अपने से आगे जा रहे वाहन को ओवरटेक करने लगा तो अचानक तेज रफ्तार कार उसकी बाईं साइड से निकली। इस पर उसने अपनी गाड़ी एक साइड की तो पीछे से चंडीगढ़ नंबर टैक्सी कार ने उसे साइड मार दी। जिसके बाद दोनों चालकों की बहस होने लगी, जिससे लंबा जाम लग गया।
ट्रैफिक इंचार्ज बलविंदर सिंह ने बताया की हादसा दोनों चालकों की लापरवाही के कारण हुआ है। दोनों वाहनों को क्रेन के जरिये साइड करके निकाला गया है। हादसे के बाद फ्लाईओवर व उसके नीचे भी जाम लग गया था। जिसे ट्रैफिक मुलाजिमों ने कड़ी मेहनत के बाद खुलवाया। अर्टिगा गाड़ी को टो करवाकर वर्कशॉप भेज दिया गया था। दोनों चालकों में से किसी ने शिकायत नहीं दी है।