मोहाली। थाना सोहाना पुलिस ने तीन बच्चों को अगवा करने पर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। वहीं, उसके पास से तीनों बच्चों को भी बरामद कर लिया है। आरोपी की पहचान राजपाल निवासी मुरादाबाद यूपी, हाल निवासी रायपुर कलां के रूप में हुई है। उसके पास से बरामद किए गए बच्चे विक्की (12), बेझा (8) और सुभाष (10) हैं और उन्हेें परिजनों के हवाले कर दिया गया है।
सनेटा चौकी इंचार्ज ने बताया कि आरोपी की पत्नी कुछ दिन पहले उससे रूठ कर चली गई थी। आरोपी को संदेह था कि उसकी पत्नी को उसके पड़ोसियों ने भड़काया हुआ है। इस वजह से वह उसे छोड़कर चली गई थी। राजपाल पड़ोसियों को बार-बार धमका रहा था कि अगर उसकी पत्नी को वापस नहीं लेकर आए तो उसके बच्चों को नहीं छोड़ेगा। पुलिस को सूचना मिली थी कि स्वाड़ा के नजदीक एक व्यक्ति तीन बच्चे लेकर खड़ा हुआ है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर स्वाड़ा से हिरासत में ले लिया और बच्चों को बरामद कर लिया। आरोपी को आज अदालत में पेश किया जाएगा।