मोहाली। दो दिन से लगातार हो रही बरसात से वीआईपी शहर की एयरपोर्ट रोड तालाब बन गई है। इस पर लोगों को आवाजाही करना मुश्किल हो गया है। आलम यह है कि यह सड़क बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील कर चुकी है, जिसमें पानी भर जाने की वजह से वाहन चालकों को गड्ढा दिखाई नहीं देता और वाहन इसमें गिरकर चालक हादसों का शिकार हो रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक एयरपोर्ट रोड पर राउंड अबाउट से लेकर मोहाली शहर की सीमा तक दोनों ओर की सड़क बुरी तरह से गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। लंबे समय से सड़क की मरम्मत की ओर ध्यान नहीं दिया गया और गड्ढों में पानी भर जाने की वजह से तालाब का रूप धारण कर गई है। जबकि स्थानीय लोगों का कहना है कि इसकी फोटो तक खींचकर प्रशासनिक अधिकारियों को भेजी गई, लेकिन इसकी ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। एयरपोर्ट रोड पर सबसे ज्यादा बुरी हालत एयरोसिटी एरिया के पास है, यहां एक के बाद एक लगातार गड्ढों से वाहन चालक को गाड़ी के पहिए रोकने को मजबूर होना पड़ता है। अगर एयरोसिटी के पास चालक ब्रेक नहीं लगा पाए तो गड्ढे से टकराकर गाड़ी के अंदर बैठे व्यक्ति को चोट तक लग जाती है।
गांवों और शहरों को आपस में जोड़ती है एयरपोर्ट रोड
जानकारी के मुताबिक एयरपोर्ट रोड के दोनों ओर स्थित गांवों और शहर में हजारों की संख्या में लोग रहते हैं और यह लोग अपने कार्यों को लेकर एयरपोर्ट रोड से होकर आवाजाही करते हैं। दूसरी ओर, एयरपोर्ट रोड पर स्थित एयरोसिटी के अलग-अलग ब्लॉक में कई बाजार और नामी ब्रांड्स के आउटलेट मौजूद हैं, जहां देश के अलावा विदेशों से लोग खरीददारी करने आते हैं। दूसरी ओर एयरपोर्ट रोड की खस्ताहाल के चलते शोरूम पर ग्राहक आने के बजाय आगे चले जाते हैं, इसकी वजह से आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ रहा है।