एयरपोर्ट रोड पर गंदगी से होता है लोगों का स्वागत
इंडस्ट्रियल एरिया फेज-आठ में रोड पर लगे कूड़े के ढेर
प्रशासन के अधिकारी नहीं ले रहे सुध, रोजाना लोग होते हैं परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। नगर निगम द्वारा भले ही शहर को साफ सुथरा बनाने के लिए लाखों रुपये हर माह खर्च किए जाते हैं, लेकिन खरड़ साइड से एयरपोर्ट रोड पर इंडस्ट्रियल एरिया फेज-आठ मोहाली में प्रवेश करते ही लोगों का स्वागत गंदगी से होता है। गंदगी ने सड़क के काफी हिस्से को कवर कर लिया है। इससे जहां पैदल चलने वालों को मुश्किल आती है वहीं, हर समय हादसे का डर भी बना रहता है।
इंडस्ट्रियल एरिया फेज-आठ की रोड पर गंदगी के ढेर लगे हैं, जिससे लोगों को दिक्कत उठानी पड़ रही है। वहां से रोजाना सैकड़ों लोग अपनी गाड़ियों में एयरपोर्ट व अन्य जगह के लिए निकलते हैं। इसके बाद भी एरिया की सुध नहीं ली जा रही है।
खरड़ निवासी अमरीश मोंगा ने बताया कि भले ही गमाडा लाखों रुपये एयरपोर्ट रोड की सुंदरता पर खर्च करता है लेकिन यह गंदगी के ढेर रोड की सुंदरता पर ग्रहण लगा रहे हैं। प्रशासन को इस तरफ ध्यान देना होगा ताकि लोगों को किसी भी प्रकार की दिक्कत न उठानी पड़े।
उद्योगपति राजवंत राय शर्मा का कहना है कि नगर निगम को इंडस्ट्रियल एरिया फेज-आठ की सुध लेनी होगी। इंडस्ट्रियल एरिया से लाखों रुपये की आमदनी निगम को होती है। कई नामी कंपनियां यहां आने की तैयारी में हैं। अगर वहां की गंदगी की तरफ ध्यान नहीं दिया गया तो हालात खराब होंगे।
बॉक्स
उद्योगपति कूड़े के ढेर से परेशान
इंडस्ट्रियल एरिया फेज-आठ के उद्योगपति वहां से गुजरने वाली पटियाला की राव में लग रहे कूड़े के ढेर से परेशान हैं। उनका कहना हैै कि नदी में अब कूड़े का पहाड़ बन गया है जिसकी वजह से पूरा इंडस्ट्रियल एरिया परेशान है। कूड़े के पहाड़ से बदबू उठती है। इससे इलाके में रहने वाले लोगों को बीमारियां लगने का खतरा भी है। कुछ समय पहले पीपीआईईसी के चेयरमैन ने इस जगह का दौरा किया था। उन्होंने भी उक्त गंदगी को हटाने के निर्देश दिए थे।
एयरपोर्ट साइड में लगाए गए हैं पॉम ट्री
दूसरी तरफ एयरपोर्ट से मोहाली शहर की तरफ आने वाली सड़क पर गमाडा की तरफ से कुछ समय पहले पॉम ट्री व कई प्रकार की लैंड स्केपिंग की गई थी। अब वहां पर भी कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।