मोहाली। सेक्टर-53/54 स्थित करीब 40 साल पुरानी फर्नीचर मार्केट को चंडीगढ़ प्रशासन प्रशासन ने उजाड़ दिया है। वर्षों से फर्नीचर का कारोबार कर रहे दुकानदारों के सामने अब रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। बेघर हुए कई दुकानदारों ने अब मोहाली की फेज-3ए और मदनपुर चौक के पेट्रोल पंप के पास डेरा डाल वहां अस्थायी तौर पर फर्नीचर बेच रहे हैं।
फुटपाथों पर प्लाईवुड, टेबल-कुर्सी, अलमारी और बेड के सेट सज गए हैं। दिनभर आवाज लगाकर ग्राहक बुलाए जा रहे हैं। ये सभी वो दुकानदार हैं, जो चंडीगढ़ में हुए प्रशासनिक फैसले से खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। व्यापारियों का आरोप है कि प्रशासन ने बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए ही मार्केट उजाड़ दी। एक दुकानदार ने बताया कि जिंदगीभर का कारोबार वहीं खड़ा किया था, लेकिन एक झटके में सब खत्म कर दिया गया। अब जो माल बचा है, उसे बेचकर किसी तरह गुजारा करना है।
वहीं, मोहाली में फेज-3ए पेट्रोल पंप के पास फर्नीचर बिक्री शुरू होने पर नगर निगम के अधिकारियों ने चुप्पी साध रखी है। किसी भी अधिकारी ने मौके पर जाकर न तो कार्रवाई की और न ही स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय निवासी अब ट्रैफिक और अतिक्रमण की शिकायत करने लगे हैं।