मोहाली/खरड़। मोहाली के खरड़ दाना मंडी गुरु अर्जन देव कॉलोनी में रहने वाली नवविवाहित परविंदर कौर के साथ उसके पति प्रिंस सिंह, सास ननद ने मारपीट कर शनिवार रात को घर से निकाल दिया। परविंदर कौर के पिता अमरीक सिंह का आरोप है कि शादी के बाद पंजाब सरकार की शगुन स्कीम न मिलने से नाराज ससुरालियों ने यह कदम उठाया है। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
अमरीक सिंह ने बताया कि उनकी तीन बेटियां हैं और उनकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। उन्होंने हैसियत के मुताबिक छोटी बेटी परविंदर कौर की शादी खरड़ निवासी के साथ 24 नवंबर 2024 को की थी। उनका जवाई कारपेंटर का काम करता है। एक-दो महीने सब कुछ ठीक रहा, लेकिन किसी वजह से पंजाब सरकार की शगुन स्कीम के कागजात भरने में देरी हो गई। इस कारण वह शगुन स्कीम नहीं मिल सकी। उसी दिन से सास, पति और ननद ने उनकी लड़की के साथ गलत व्यवहार शुरू कर दिया। छोटी-छोटी बात पर उससे मारपीट की जाने लगी। पिता का आरोप है कि लड़की को पागल साबित करने के लिए ससुराल पक्ष ने उनकी बेटी को नशीली दवाइयां देनी शुरू कर दीं।
अमरीक सिंह ने बताया कि शनिवार रात 11 बजे के करीब उनको लड़की का फोन आया और लड़की ने बताया कि उसके ससुराल वालों ने उसको मारपीट कर घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद वे और उनकी पत्नी लड़की के ससुराल गए तो सास, ननद ने उनके साथ हाथापाई कर दी। उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी, लेकिन मदद नहीं मिली। इसके बाद माता-पिता बेटी को अपने गांव कंडाला मोहाली लेकर आ गए। उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने घायल परविंदर कौर को खरड़ अस्पताल में भर्ती कराया है। अस्पताल में परविंदर कौर व उसकी मां का इलाज चल रहा है। खरड़ सिटी थाना पुलिस ने कहा कि पीड़ित के बयान दर्ज कर लिए हैं। मेडिकल रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।