जीरकपुर। शहर में लगीं पुरानी स्ट्रीट लाइटों को बदलकर नई एलईडी लाइटें लगाने का काम 15 फरवरी के बाद शुरू होगा। नगर परिषद के एमई मुकेश कुमार राय ने बताया कि निकाय चुनाव की प्रक्रिया संपन्न होने के बाद इस परियोजना का काम शुरू करवा दिया जाएगा। इस परियोजना के पूरा होने से शहरवासियों को रात के समय में सुविधा मिलेगी।
जानकारी के अनुसार 2018 में स्थानीय नगर परिषद द्वारा प्रस्ताव पारित कर राज्य सरकार के पास भेजा गया था। इसमें शहर की पुरानी स्ट्रीट लाइटों को बदलकर उनकी जगह नई एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाने का फैसला लिया गया था। नगर परिषद के प्रस्ताव के बाद पंजाब निकाय विभाग ने जीरकपुर के साथ-साथ कुल 29 नगर परिषदों में पुरानी स्ट्रीट लाइटें बदलकर नई लाइटें लगाने की परियोजना को मंजूरी दी थी। इसके बाद एक कंपनी को बाकायदा काम आवंटित किया गया था।
रोशन होंगी शहर की सड़कें
एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाने की परियोजना का काम पूरा होने के बाद शहर की सड़कें रोशन होंगी। पंजाब सरकार से प्रोजेक्ट को सभी मंजूरियां मिलने के बाद अधिकारियों की टीम ने जीरकपुर में सर्वेक्षण किया था। इस दौरान तकनीकी विभाग से जुड़े अधिकारियों ने शहर के विभिन्न हिस्सों में जाकर स्थिति का आंकलन किया। इसके साथ ही जहां पर पुरानी स्ट्रीट लगी हैं, उन्हें भी बदलने की प्रक्रिया में शामिल किया गया। अधिकारियों की टीम द्वारा किए सर्वेक्षण के तहत बनी रिपोर्ट में 12 हजार से अधिक स्ट्रीट लाइटें लगाने का फैसला लिया गया है।
परियोजना पर गरमाई राजनीति
हमारा प्रोजेक्ट था.. कांग्रेस ने अपना बनाया
शहर में पुरानी स्ट्रीट लाइटों को एलईडी में बदलकर लगाने की परियोजना हमारी थी। इसे कांग्रेसी नेताओं ने अपना बताकर लोगों को भ्रमित किया है। दरअसल 2018 में उन्होंने बाकायदा करीब चार करोड़ रुपये की लागत की परियोजना संबंधी सरकार से मंजूरी मांगी थी, लेकिन सरकार ने मंजूरी देने की बजाय परियोजना को ही अपना नाम दे दिया। -एनके शर्मा, विधायक, विधानसभा हलका डेराबस्सी।
हमारी सरकार आई तो लाइटें भी याद आईं
हलका विधानसभा के साथ-साथ शहर की सत्ता पर विधायक एनके शर्मा ने 2017 तक शासन किया है। लेकिन उन्हें तब कभी पुरानी स्ट्रीट लाइटें बदलकर उनकी जगह एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाने का ध्यान नहीं आया। 2017 में जब कांग्रेस सत्ता पर काबिज हुई तो उन्हें एलईडी लाइटें लगाने की याद आ गई। दरअसल विधायक एनके शर्मा की बातों पर शहरवासियों ने विश्वास करना छोड़ दिया है, क्योंकि बीते चार साल के दौरान कांग्रेस ने शहर में विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ाई है। -दीपेंद्र ढिल्लों, कांग्रेसी इंचार्ज, विधानसभा हलका डेराबस्सी।
कोट्..
जिस कंपनी को एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाने का काम सौंपा गया है, वह कंपनी अभी लालड़ू शहर में कार्य कर रही है। 15 फरवरी के बाद जीरकपुर में पुरानी स्ट्रीट लाइटों को बदलकर उनकी जगह नई एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। -मुकेश कुमार राय, एमई, जीरकपुर नगर परिषद।