मोहाली। गांव रकौली के जवाहर नवोदय विद्यालय (पीएम श्री स्कूल) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की छठी कक्षा में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो गया है। इच्छुक विद्यार्थी 29 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा 13 दिसंबर को आयोजित होगी।
विद्यालय की प्रिंसिपल दीप्ति भटनागर ने बताया कि यह भारत सरकार द्वारा संचालित सह-शिक्षा रिहायशी स्कूल है जो आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करता है। इस वर्ष 2025-26 में पांचवीं कक्षा में पढ़ रहे विद्यार्थी, जिनका जन्म 1 मई 2014 से 31 जुलाई 2016 (दोनों तिथियां सहित) के बीच हुआ हो, वे आवेदन के पात्र हैं। विद्यार्थी के माता-पिता मोहाली जिले के स्थायी निवासी होने चाहिए। ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे पहले सेवा केंद्र से यह जांच लें कि वे केंद्र सरकार की सूची में पंजाब की ओबीसी श्रेणी में आते हैं या नहीं अन्यथा उन्हें सामान्य वर्ग में आवेदन करना होगा। प्रिंसिपल ने अभिभावकों से अपील की है कि आवेदन करने से पहले विद्यालय की वेबसाइट या प्रवेश पुस्तिका में दी गई सभी शर्तें और दिशा-निर्देश ध्यान से पढ़ें ताकि आवेदन में कोई त्रुटि न हो।