जीरकपुर। गांव पभात से एयरपोर्ट की ओर जाने वाली सड़क पर स्थित ईंट भट्ठे से फैल रहे धुएं और प्रदूषण से आसपास के गांवों के लोग बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। लंबे समय से शिकायतों के बावजूद प्रशासन की ओर से कार्रवाई न होने पर ग्रामीण आज सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर हो गए। इस सड़क के सहारे अलीपुर, नडियाली, सफीपुर, जगतपुरा सहित कई गांवों की आबादी का रोजाना आना-जाना रहता है, साथ ही इसी मार्ग से हवाई अड्डे का भी संपर्क बनता है। ग्रामीणों का कहना है कि ईंट भट्ठे पर लगातार आने-जाने वाले ट्रैक्टर-ट्रालियां और भारी वाहन सड़क को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर चुके हैं। मिट्टी और धूल सड़क पर फैलकर कीचड़ का रूप ले लेती है, जिससे आए दिन लोग फिसलकर घायल हो रहे हैं।
तरलोचन सिंह प्रधान भारतीय किसान यूनियन, गुरजीत सिंह, गुरप्रीत सिंह, बलविंदर वर्मा व अन्य ने बताया कि भट्ठे से उठने वाला धुआं और राख लोगों की आंखों में जलन, सांस व फेफड़ों संबंधी रोगों का कारण बन रहा है। उन्होंने कहा कि स्थानीय से लेकर जिला प्रशासन तक कई बार शिकायतें भेजी गईं, परंतु कार्रवाई न होने से लोगों का गुस्सा अब बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी देकर कहा कि यदि निर्धारित समय में ईंट-भट्ठा बंद न किया गया तो वे एक माह बाद यहीं पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
हमारे पास इस संबंध में शिकायत प्राप्त हो चुकी है। जल्द ही मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेज दी जाएगी। -अतुल शर्मा, एसडीओ, प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड।