मोहाली। फेज-6 में दो महीनों से लगातार बह रहे लाखों लीटर पानी की बर्बादी पर आखिरकार प्रशासन हरकत में आ गया है। 3 दिसंबर को खबर प्रकाशित होने के बाद मोहाली वॉटर सप्लाई विभाग ने घोषणा की है कि सेक्टर-39 से फेज-6 की तरफ जाने वाली महत्वपूर्ण रॉ वॉटर पाइपलाइन की लीकेज मरम्मत 10 दिसंबर बुधवार को की जाएगी। दो महीने से लीकेज होने के बावजूद विभाग द्वारा कार्रवाई में देरी पर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। इस लीकेज के कारण लाखों लीटर साफ पानी बर्बाद होकर सीधे नाले में जा रहा था, जबकि कई इलाकों में पानी की कमी रहती है। सबसे बड़ी परेशानी यह थी कि लगातार पानी बहने के कारण सड़क किनारे काई तक जम गई थी, जिससे फिसलन के कारण दुर्घटना का खतरा बढ़ गया था। विभाग की लापरवाही का आलम यह था कि सड़क पर बह रहे पानी को रोकने या मरम्मत शुरू करने की बजाय, सिर्फ एक बैरिकेट लगाकर खानापूर्ति कर दी गई थी और लीकेज को नजरअंदाज किया गया। लंबे समय से मैक्स अस्पताल के पास रॉ वॉटर पाइप में लीकेज के कारण पानी की बर्बादी हो रही थी। इस लीकेज को ठीक करने के लिए विभाग ने 10 दिसंबर को सुबह 9 बजे से रात 12 बजे तक पानी की सप्लाई बंद रखने का फैसला किया है। दूसरी और विभाग के एक्सईएन माइकल ने पहले कहा था कि मरम्मत का काम शुक्रवार से शुरू हो जाएगा, लेकिन टेंडर प्रक्रिया में देरी के चलते विभाग समय पर लीकेज ठीक नहीं कर पाया और लाखों लीटर साफ पानी लगातार बहता रहा। अब जाकर यह महत्वपूर्ण मरम्मत कार्य बुधवार को शुरू होने जा रहा है।