मोहाली। जिले के व्यापारियों की लंबित समस्याओं के समाधान के लिए जिला प्रशासन ने सोमवार को समीक्षा बैठक की। उपायुक्त कोमल मित्तल ने अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने सभी लंबित मामलों का निर्धारित समय सीमा में निपटारा करने को कहा। बैठक में उपायुक्त मित्तल ने जिला ट्रेडर्स कमीशन के अध्यक्ष रणजीत पाल सिंह के साथ मामलों की समीक्षा की। अधिकांश शिकायतें पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) और स्थानीय निकाय विभाग से संबंधित पाई गईं। उपायुक्त ने इन विभागों को प्राथमिकता से समस्याओं का समाधान करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला स्तर पर संभव मामलों को तुरंत निपटाया जाए।
नीतिगत मामलों को राज्य सरकार के समक्ष उठाया जाएगा। मोहाली इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की ओर से औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जलापूर्ति एवं सीवरेज बोर्ड, मंडी बोर्ड और नगर निगम मोहाली को भी निर्देश दिए। उन्होंने लंबित मामलों के जल्द समाधान को कहा। बाजार क्षेत्रों में सार्वजनिक शौचालयों, पर्याप्त पार्किंग और स्ट्रीट लाइटों के रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। रणजीत पाल सिंह ने सभी विभागों से जन शिकायतों के समाधान में तेजी लाने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के नेतृत्व में राज्य स्तर पर व्यापारियों की समस्याओं की समीक्षा जल्द होगी।