एयरपोर्ट रोड पर रविवार रात अचानक लावारिस पशु की चपेट में एक स्कूटर सवार थानेदार आ गए। हादसे में स्कूटर सवार की मौके पर मौत हो गई। मृतक की पहचान कुलराज सिंह (50) निवासी जिला संगरूर के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।
जानकारी के मुताबिक, घटना रविवार देर रात की है। जब स्कूटर सवार थानेदार एयरपोर्ट रोड पर खरड़ से मोहाली की तरफ जा रहे थे। वह जब इंडस्ट्रियल एरिया फेज-7 गोदाम के पास पहुंचे तो अचानक स्कूटर के सामने एक गाय आ गई। इससे स्कूटर का बैलेंस बिगड़ गया। वहीं, वह सिर के बल रोड पर गिर पड़े। इस दौरान किसी ने पुलिस को सूचित कर दिया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें सिविल अस्पताल में पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर दिया है।
पहलेे भी हो चुकी है ऐसे मौत
यह पहला मौका नहीं है जबकि इससे पहले भी सड़कों पर पशुओं के आने से मौत के मामले आ चुके हैं। कुछ समय पहले फेज-9 निवासी एक महिला की मौत भी पशु की चपेट में आने से हो गई थी। वह एक्टिवा पर जा रही थी। तभी अचानक उसकी एक्टिवा के आगे पशु आ गया था। इसके अलावा कुराली में भी इस तरह के मामले आए थे।
पहले झोटे के आने से घायल हुए थे दो लोग
फेज-दो की सड़कों पर चंडीगढ़ के झोटे ने आतंक मचाया था। झोटे की चपेट में आने से एसी मैनेनिक घायल हो गए थे। इसमें से एक की बाजू तक टूट गई थी।