मोहाली। मोहाली पुलिस ने पत्रकार केजे सिंह और उनकी मां गुरचरण कौर की हत्या के मामले में वांछित एक आरोपी को नोएडा (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान गौरव कुमार निवासी गांव पिप्पला, थाना औरंगाबाद, जिला बुलंदशहर (यूपी) के रूप में हुई है। आरोपी को 6 नवंबर को पुलिस ने काबू किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरमनदीप सिंह हंस ने बताया कि जिले में असामाजिक तत्वों और घोषित अपराधियों के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। इसके लिए विशेष टीम का गठन किया गया, जिसे फरार आरोपियों का पता लगाकर गिरफ्तार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस टीम के प्रभारी एसआई बलविंदर सिंह और उनकी टीम को सूचना मिली कि आरोपी यूपी में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने ट्रैप लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गौरव कुमार पर 22-23 सितंबर 2017 की रात मोहाली के मटौर के आवास में केजे सिंह और उनकी मां की हत्या का आरोप है। इस मामले में मटौर थाने में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है। आरोपी को अदालत ने 2022 में भगोड़ा घोषित कर दिया था। एसएसपी ने कहा कि जिले में सभी भगोड़ों और घोषित अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि कोई भी अपराधी कानून से न बच सके।