वेंडर काे पीटती महिला और युवक। स्रोत: वीडियोग्रैब
मोहाली। फेज-4 में चिकनवाला यार के नाम से काम करने वाले एक स्ट्रीट वेंडर ने फेज-1 पुलिस स्टेशन के एसएचओ इंस्पेक्टर सुखवीर सिंह पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। उन्होंने इंस्पेक्टर पर उनकी शिकायत को बिना पढ़े फाड़ने और थाने में पीटने का आरोप लगाया है। मामले में एसएसपी ने जांच करने के आदेश जारी कर दिए हैं।
इंस्टाग्राम पर नितिन ठाकुर के नाम से इस वेंडर ने एक वीडियो अपलोड की है, जिसमें उन्होंने फेज -1 थाने के एसएचओ से अपमानित होने के बाद आत्महत्या करने की धमकी दी है। वीडियो में नितिन ठाकुर का कहना है कि वह ऑस्ट्रेलिया से लौटा है। मोहाली के फेज-4 में चिकनवाला यार के नाम से एक स्ट्रीट वेंडर की दुकान चलाते हैं।
उन्होंने बताया कि उसी जगह पर एक अन्य स्ट्रीट वेंडर के साथ स्टॉल लगाने को लेकर कुछ मतभेद थे, जिसके बाद उन्हें उस वेंडर ने पीटा। इसकी सीसीटीवी भी उनके पास है। फुटेज में एक महिला और एक युवक उसको पीटते नजर आ रहे हैं। अपने वीडियो में नितिन ठाकुर ने आरोप लगाया कि वह मामले की रिपोर्ट करने पुलिस के पास गया था। एक लिखित शिकायत दी थी, लेकिन उसकी शिकायत सुनने के जगह एसएचओ सुखवीर सिंह ने फाड़ दी। एसएचओ ने उनसे धक्का-मुक्की की और वहां से निकल जाने के लिए कहा।
मैंने एसपी सिटी को मामले की जांच करके रिपोर्ट देने के लिए नियुक्त किया है। अगर एसएचओ की तरफ से कुछ भी गैरकानूनी मिला, तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एक महिला और उसके साथी द्वारा नितिन को सड़क किनारे वेंडर स्थल पर पीटने का वीडियो भी वायरल हो गया है। पीड़ित को पुलिस स्टेशन बुलाया गया है। उसकी शिकायत को एसपी सिटी की निगरानी में देखा जा रहा है, और इसका समाधान किया जाएगा। - दीपक पारीक, एसएसपी, मोहाली