मोहाली। अमेरिका से डिपोर्ट होकर आए गांव खेड़ा ब्लॉक माजरी निवासी तरनवीर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने अंबाला के दो ट्रैवल एजेंटों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह मामला थाना ब्लॉक माजरी में जिला अंबाला के रहने वाले ट्रैवल एजेंट गुरजिंदर अंटाल और मुकुल के खिलाफ दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि दोनों ट्रैवल एजेंटों को बीएनएस की धारा 143, 316(2), 318(4) व इमिग्रेशन एक्ट की धारा 24 में नामजद किया गया है। फिलहाल दोनों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। दोनों फरार बताए जा रहे हैं जिनकी तलाश में छापा मारा जा रहा है। ट्रैवल एजेंटों ने तरनवीर को 45 लाख रुपये लेकर अमेरिका भेजा था।
फ्लाइट से पहुंचाने का बोलकर जंगलों में छोड़ दिया
गांव बूथगढ़ निवासी तरनवीर सिंह अपने दोस्त गुरशरण सिंह के मार्फत उक्त ट्रैवल एजेंटों के संपर्क में आया था। गुरशरण ने उससे कहा था कि गुरजिंदर सिंह उसका दूर का रिश्तेदार है। ट्रैवल एजेंट से मुलाकात के बाद तरनवीर ने 10 जुलाई 2024 को गुरजिंदर को अपना पासपोर्ट दिया था। गुरजिंदर के बताए अनुसार आरोपी मुकुल उसका पार्टनर था। एजेंटों ने तरनवीर सिंह से अमेरिका पहुंचाने के लिए 45 लाख में सौदा किया। एजेंटों ने कहा कि उसे फ्लाइट के रास्ते सीधा अमेरिका पहुंचाया जाएगा। गुरजिंदर के पिता गुलजार सिंह से कहा गया कि आधी रकम मैक्सिको पहुंचने पर देनी होगी और बाकी रकम अमेरिका पहुंचकर। इसके बाद ट्रैवल एजेंटों ने उसे कोलंबिया उतारा और उसके पिता से 18 लाख रुपये ले लिए। इसके बाद उसे कोलंबिया से मैक्सिको पहुंचाया गया। मैक्सिको पहुंचने पर ट्रैवल एजेंट उसके पिता से बाकी की रकम भी ले गए। तरनवीर ने बताया कि मैक्सिको के जंगलों में उसे चार महीने रुकना पड़ा।
पीटा, कई किलोमीटर पैदल करना पड़ा तय सफर
तरनवीर ने कहा कि रकम लेने से पहले तक सबकुछ ठीक था। उनसे अच्छा व्यवहार किया जा रहा था। उन्हें कहा गया कि कुछ सफर फ्लाइट और कुछ क्रूज के माध्यम से तय करना होगा। रकम मिलने के बाद उन्हें भूखा-प्यासा रखा गया। कई दिनों तक खाना नहीं दिया जाता था। अगर किसी दिन खाना मिला तो उसमें सूखी रोटी और पानी वाली दाल खाने को मिलती थी। तरनवीर ने कहा कि अगर वह घरवालों को आपबीती बताता तो डोंकर उसे पीटते। उन्हें कई किलोमीटर पैदल सफर करना पड़ा और कुछ सफर छोटी किश्ती में तय किया जिसमें जान का खतरा सबसे ज्यादा था।
पिता से कहा वापस बुला लो, टार्चर सहा नहीं जाता
तरनवीर ने अपने पिता गुलजार सिंह को अपने साथ हुए टार्चर की सारी कहानी बताई। उसने पिता से कहा कि उसे देश वापस बुला लो, उससे और टॉर्चर सहा नहीं जाता। गुलजार सिंह ने ट्रैवल एजेंट को अपने गांव बुलाया और कहा कि वह उसके बेटे को वापस बुला दे। ट्रैवल एजेंट गुरजिंदर ने कहा कि अब वापस आना मुश्किल है, उसे अमेरिका जाना ही होगा। पिता ने यहां तक कहा कि मैक्सिको तक उनका जो खर्च बनता है वह उससे ले लें लेकिन बेटे को बुला दे, लेकिन एजेंट ने कहा कि अब कुछ संभव नहीं है।
मोहाली में पांच लोग आए हैं वापस
अब तक मोहाली के पांच लोग डिपोर्ट होकर आए हैं। सबसे पहले डेराबस्सी के गांव जड़ौत का 21 वर्षीय प्रदीप कुमार वापस आया था। इसके बाद दूसरे विमान में गांव जौंला खुर्द के पुलिस असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर का बेटा और पुत्रवधू वापस आए। इसी विमान में ब्लाक माजरी के गांव खेड़ा का तरनवीर वापस आया और अंतिम विमान में डेराबस्सी के ही गांव लालड़ू का युवक अमेरिका से डिपोर्ट होकर वापस आया था। ट्रैवल एजेंट ने हर व्यक्ति से करीब 40 से 50 लाख रुपये अमेरिका भेजने के नाम पर लिए हैं। ज्यादातर ट्रैवल एजेंट हरियाणा के रहने वाले हैं।