जीरकपुर। शिमला घूमने जा रहे परिवार की कार को शुक्रवार की रात एक ट्रक चालक ने जीरकपुर में टक्कर मार दी। हादसे में कार चालक की माैत हो गई, जबकि परिवार के अन्य लोग भी घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस से डेराबस्सी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, वहां से एक महिला अनुप्रिया को गंभीर हालत में सेक्टर-32 चंडीगढ़ रेफर किया गया है। वहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। ट्रक चालक मौके से भाग गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
फरीदाबाद से एक परिवार शिमला घूमने जा रहा था। कार को वैभव चला रहा था। कार में वैभव की पत्नी अनुप्रिया, निधि, दिशा और यक्ष सवार थे। रात करीब दो बजे उनकी कार जीरकपुर पहुंची। यहां एक ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसमें कार चालक वैभव की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य घायलों को डेराबस्सी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।