जीरकपुर। शहर में अवैध कॉलोनियां काटकर प्लॉट बेचने का धंधा जोरों पर चल रहा था और धड़ाधड़ बिना मंजूरी लिए कॉलोनियां काटी जा रही थी। लेकिन इनके खिलाफ पुरानी सरकारों की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। अब आम आदमी पार्टी की सरकार आने के बाद एक के बाद एक कई अवैध कॉलोनियों पर शिकंजा कसा गया है। इसके मद्देनजर पभात क्षेत्र में खुशहाल एनक्लेव कॉलोनी काटने वालों में चार आरोपी कमलेश रानी, पार्थ कुमार, देवकीनंदन और प्रीति के खिलाफ कार्यकारी अधिकारी की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए केस दर्ज किया गया है।
इस संबंधी थाना जीरकपुर के जांच अधिकारी ने बताया कि उन्हें नगर काउंसिल जीरकपुर के कार्यकारी अधिकारी की ओर से शिकायत मिली थी कि पभात क्षेत्र में कई अवैध कॉलोनियां काटी जा रही हैं। इसके चलते खुशहाल एनक्लेव नामक सोसाइटी के खिलाफ रेरा एक्ट के अधीन कार्रवाई करते हुए केस दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई डिप्टी डायरेक्टर निकाय विभाग पटियाला के आदेश पर की गई है।
प्लॉट खरीदने वालों को होगा नुकसान
अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई तो की जा रही है, लेकिन इसका नुकसान यहां पर प्लॉट खरीदने वालों (एंड यूजर) को होगा जिन्होंने अपनी जेब से पैसा लगाकर यहां पर प्लॉट खरीदे हैं। क्योंकि यह कॉलोनाइजरों की ओर से यह कॉलोनियां काफी समय पहले काट दी गई थी और लोगों ने अपने खून पसीने की कमाई के साथ यहां पर अपने मकानों का निर्माण भी कर लिया था। लेकिन अब इन कॉलोनियों पर कार्रवाई से लोगों का नुकसान होने भी तय है। सरकार को यहां पैसा लगाने वाले लोगों का नुकसान होने से बचाने के लिए कोई न कोई योजना जरूर बनानी चाहिए।