दसवीं का पहला पेपर देने के बाद मां के साथ जा रही थी घर
संवाद न्यूज़ एजेंसी
लालड़ू। अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर स्थित आईटीआई चौक के पास एक मिट्टी से भरे टिप्पर चालक ने 17 वर्षीय छात्रा के दोनों पैर बुरी तरह कुचल दिए। गंभीर हालत में उसे जीएसीएच-32 चंडीगढ़ रेफर किया गया है। लड़की की पहचान भावना पुत्री नवीन निवासी बल्लोपुर, लालड़ू के तौर पर बताई गई है। पुलिस ने आरोपी टिप्पर चालक नवी पुत्र रहीम को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।
एएसआई जसविंदर सिंह ने बताया कि लड़की भावना सीनियर सेकेंडरी कन्या स्कूल लालड़ू में दसवीं कक्षा की छात्रा है। उसका परीक्षा केंद्र स्थानीय जसविंदरा स्कूल में बना था, जो 13 फरवरी को दसवीं बोर्ड का पहला पेपर देने के बाद मां के साथ गांव जा रही थी। आईटीआई चौक के पास हंडेसरा लिंक रोड पर सड़क पार करने के लिए सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान बल्लोपुर की ओर से आ रहे मिट्टी से भरे टिप्पर की चपेट में आ गई। हादसे में भावना की दोनों टांगें टिप्पर ने कुचल दीं। उसे तुरंत जवाहरपुर के निकट निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी नाजुक हालत देखते हुए सरकारी अस्पताल सेक्टर-32 चंडीगढ़ रेफर किया गया है। पुलिस ने टिप्पर चालक को गिरफ्त में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बता दें कि अंबाला चंडीगढ़ हाईवे पर स्थित झरमड़ी बाॅर्डर पूरी तरह से बंद होने के कारण चंडीगढ़ की ओर से आ रहे ट्रैफिक को हंडेसरा की ओर डायवर्ट किया गया था। इस कारण लालड़ू-हंडेसरा लिंक मार्ग पर अधिक वाहन चल रहे हैं।