लालड़ू। अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर झरमड़ी बार्डर के पास ओमेक्स ग्रींस फेस–टू में शुक्रवार दोपहर को मकान शिफ्ट कर रहे किराएदार ने मामूली विवाद में हाउस कीपिंग सुपरवाइजर राहुल कुमार पर गोली चला दी। गोली बाईं जांघ में लगने से राहुल जख्मी हो गया। उसको एमएम अस्पताल, सद्दोपुर में भर्ती कराया गया। पुलिस ने गोली चलाने वाले किराएदार मनप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर जानलेवा हमला करने और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
लालड़ू एसएचओ इंस्पेक्टर रणबीर संधू ने बताया कि घटना सुबह करीब साढ़े 11 बजे हुई। यहां टावर 16 के ग्राउंड फ्लोर के मकान नंबर दो में मनप्रीत सिंह परिवार समेत अंबाला कैंट की डिफेंस काॅलाेनी से करीब एक साल पहले शिफ्ट होकर आया था। वह पिछले टावर में शिफ्ट होने के लिए उक्त मकान खाली कर रहा था। शिफ्ट के दौरान मेंटिनेंस स्टाफ से प्लंबर अंकित छोड़े जा रहे मकान की जांच करने आया था। मनप्रीत सिंह उसके अंदर आने पर गुस्सा गया और कहासुनी के दौरान उसने अंकित पर हाथ उठा दिया।
अंकित ने अपने भाई राहुल को मौके पर बुलाया जिसने भाई को मारने कारण पूछा। गहमागहमी बढ़ने पर मनप्रीत अंदर से पिस्टल निकाल लिया और दो फायर कर दिए। पहला हवाई फायर किया और दूसरी गोली राहुल पर चला दी। गोली राहुल की बाईं जांघ में लगकर आरपार हो गई। लोगों ने राहुल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर डेराबस्सी डीएसपी बिक्रमजीत बराड़ व लालड़ू एसएचओ इंस्पेक्टर रणबीर संधू भी मौके पर पहुंचे। एसएचओ रणबीर के बयान पर मनप्रीत के खिलाफ जानलेवा हमले और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मौके से दो खाली कारतूस और पिस्टल भी बरामद कर लिया गया है।
एसएचओ ने बताया कि दूसरी तरफ मनप्रीत सिंह ने मेंटिनेंस स्टाफ पर उसके परिवार से बदतमीजी का आरोप लगाया है। एसएचओ ने बताया कि टीम को रिपोर्ट मिली है कि मनप्रीत शार्ट टेंपर व्यक्ति रहा है। वह छोटी-छोटी बात पर हाइपर होकर पिस्टल निकाल लेता था। इसी वजह से उसे मकान बदलने को कहा गया था। पुलिस पिस्टल की जांच कर रही है।