हादसे के बाद कार चालक फरार, पुलिस कर रही है जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। सनेटा के पास पैदल जा रहे युवक को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी, इसके बाद उसे कुचल दिया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मौके पर पहुंचे राहगीरों ने पीसीआर पार्टी को सूचना दी। इसके बाद शव फेज 6 के सिविल अस्पताल में रखवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक अनिल वासी बनूड़ के बड़े भाई ने बताया कि उसका भाई पेंटर का काम करता था। बुधवार को वह गांव सनेटा में अपने ससुराल घूमने के लिए आया था। उसी दिन रात को करीब आठ बजे वह बनूड़ जाने के लिए ससुराल से निकल गया था। कुछ दूर पैदल गया तो एक तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी। गाड़ी के पिछले टायर उसके चेहरे के ऊपर से गुजर गए। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। यह देख कार चालक फरार हो गया ।
इसके बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने पीसीआर पार्टी को फोन कर बुला लिया। वहां मौके पर पहुंच कर पीसीआर पार्टी ने जांच की तो मृतक के पास कोई फोन नहीं मिला। जब उसकी जेब की तलाशी ली तो मृतक के मौसा का नंबर मिला, जिसके बाद पुलिस ने पूरी घटना की जानकारी उन्हें दी। इसके बाद एंबुलेंस बुलाकर शव को फेज-6 के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। शुक्रवार को अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया है।