जीरकपुर। डॉलर एक्सचेंज कराने के बहाने पटियाला के फॉरेक्स कारोबारी से 50 लाख रुपये ठग लिए। बलटाना पुलिस ने कारोबारी की शिकायत पर बब्बू निवासी गिद्दड़बाहा व सन्नी नाम के व्यक्ति पर मामला दर्ज किया है।
पीड़ित विनोद कुमार निवासी तेजबाग कॉलोनी पटियाला ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि पिछले 5-6 साल से सिंगला फॉरेक्स नाम से मनी एक्सचेंज का काम कर रहा है। उसका परिचित बब्बू जो पहले गिद्दड़बाहा और अब गुरुग्राम में रहता है उसने डॉलर बदलने का लालच देकर धोखा दिया।
विनोद ने बताया कि तीन दिन पहले बब्बू ने फोन कर बताया कि उसका दोस्त सन्नी 55 हजार 865 अमेरिकी डॉलर बदलकर उनसे करीब 50 लाख रुपये लेना चाहता है। मुनाफे का अनुमान लगाकर विनोद, उनका भाई सुरिंदर कुमार और बेटा कासिस सिंगला तय समय पर बब्बू से मिलने जीरकपुर पहुंचे। बिग बाजार के पास पहले बब्बू पहुंचा। उसके कहने पर थोड़ी देर बाद सफेद क्रेटा कार में सन्नी भी वहां आ गया। बातचीत के दौरान सन्नी ने विश्वास में लेते हुए पैसे का बैग बिना गिने कार की डिक्की में रखवा लिया और कहा कि वह फ्लैट से डॉलर लाकर देता है। इसके बाद कार को पंचकूला की तरफ ले गया।
वधावा नगर बलटाना के पास कार रोककर सन्नी ने कहा कि वह डॉलर लेकर आता है और विनोद व उसके भाई को नीचे उतार दिया। बब्बू कार में बैठा रहा और वे दोनों कार सहित फरार हो गए। बाद में दोनों के मोबाइल फोन बंद मिले, जिसके बाद पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। विनोद ने पुलिस चौकी बलटाना में शिकायत दर्ज करवाई, जिसके आधार पर पुलिस ने बब्बू और सन्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।