जीरकपुर। गांव छत में पटाखे बजाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया है। यहां दो भाइयों पर 12 युवकों ने लोहे की रॉड से कातिलाना हमला कर दिया। हमले में दोनों भाइयों के साथ उनकी बुआ भी घायल हो गई। इस मामले में घायल सौरव की शिकायत पर जीरकपुर थाने में छत गांव के 11 लोगों के खिलाफ गंभीर चोट पहुंचाने, धमकाने व रास्ता रोकने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी आवित उर्फ कोकी, जाफर, मीरी, लल्ला, टोनी, लाडी, आलिम, मोना, जस्सू, भोलू व घोगड़ हैं। आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
सौरव ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह प्राइवेट काम करता है। 21 अक्टूबर दिवाली वाले दिन वह अपने भाई सोहिल के साथ घर वाली गली में अपने चाचे के घर के बाहर पटाखे चला रहे थे। उसके चाचा के पड़ोसी जाफर ने उन्हें कहा कि वह पटाखे थोड़ी आगे जाकर चला ले क्योंकि उनके जानवर पटाखों की आवाज से डर रहे हैं। जाफर की बात सुनकर वह अपने भाई के साथ थोड़ी आगे जाकर पटाखे चलाने लग गया। थोड़ी देर बाद कोकी, जाफर व अन्य युवक एकत्रित होकर वहां आए और उसके भाई पर डंडों व रॉड से हमला कर दिया। जब वह अपने भाई को छुड़ाने गया तो उस पर भी रॉड से हमला कर दिया। दोनों भाइयों के चिल्लाने की आवाजें सुनकर उसकी बुआ बाहर आई। जब वह उन्हें बचाने लगी तो हमलावरों ने उस पर हमला कर घायल कर दिया। वहां से गुजर रहे लोगों ने सभी घायलों को ढकोली अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने उनके बयान दर्ज करने उपरांत 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।