वाहनों की सर्विस के बाद निकले खराब तेल से नकली इंजन ऑयल, गियर ऑयल, ग्रीस और कूलेंट बनाने वाली दो कंपनियों का पर्दाफाश हुआ है। भबात में ईसपी एंटरप्राइजेज और श्री राम ऑयल ट्रेडर्स के नाम से चलाई जा रही दोनों कंपनियों से मोहाली, चंडीगढ़ और पंचकूला समेत पूरे ट्राइसिटी में इसकी सप्लाई करते थे। यह अवैध कारोबार लंबे समय से मोदी कुंज सोसाइटी के पास स्थित भबात गोदाम एरिया में जीरकपुर निवासी संदीप कौशिक गुप्त रूप से संचालित कर रहा था।
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार को छापा मारा। एएसपी गजलप्रीत कौर के नेतृत्व में पुलिस को गोदाम से भारी मात्रा में तैयार माल मिला। पुलिस ने इस मामले में आईपीसी की धारा 318(4), 125, 7 कॉपीराइट एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। एफआईआर में धोखाधड़ी, जालसाजी और ब्रांड की साख को नुकसान पहुंचाने जैसे गंभीर आरोप शामिल किए गए हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने शनिवार को पुख्ता सूचना के आधार पर छापा मारा। इस दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी पुराने और गाड़ियों से निकले खराब तेल में रंग और रासायनिक पदार्थ मिलाकर उसे नामी कंपनियों के लुब्रिकेंट के रूप में तैयार कर रहा था। इसके बाद नकली स्टिकर, लेबल और पैकिंग लगाकर इसे असली उत्पाद बताकर बाजार में सप्लाई कर रहा था। पुलिस के अनुसार यह फर्जी कारोबार ईसपी एंटरप्राइजेज और श्री राम ऑयल ट्रेडर्स के नाम से चलाया जा रहा था। छापे के दौरान भारी मात्रा में खाली ड्रम, ढक्कन, फर्जी स्टिकर, लेबल और पैकिंग सामग्री भी बरामद की गई। पुलिस के अनुसार सर्विस सेंटरों से खराब तेल को एकत्रित कर ब्रांडेड बनाया जाता था।
इसमें केस्ट्रॉल, बजाज, स्टार बजाज, हीरो, मारुति, कन्सोल दी कंपनियां शामिल हैं। आरोपी ट्राइसिटी की मोटर मार्केट के सर्विस सेंटर से खराब तेल एकत्रित कर उनको ही बनाया गया उत्पाद सप्लाई करता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि इस खेल में कौन-कौन शामिल हैं। इस उत्पाद से चालकों के अलावा वाहनों को भी नुकसान हो रहा था। विशेषज्ञों के अनुसार इस प्रकार के नकली तेल से इंजन खराब होने, वाहन के अचानक बंद होने और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इस फर्जी कारोबार में एक से अधिक लोग शामिल हो सकते हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि नकली तेल किन-किन इलाकों में सप्लाई किया गया और इससे कितने वाहन मालिकों को नुकसान पहुंचा।
पुलिस ने छापा मारकर नकली इंजन ऑयल, गियर ऑयल, ग्रीस और कूलेंट बनाने वाली दो कंपनियां का खुलासा किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है। गोदाम की व्यापक तलाशी ली जा ही है। इस मामले में कौन-कौन शामिल हैं इसका पता लगाया जा रहा है।
- गजलप्रीत कौर, एएसपी