जीरकपुर। पीरमुछल्ला गांव में पुराने कांग्रेसी समर्थक जरनैल सिंह पर कुछ कांग्रेसियों ने हमला किया था। हमलावरों ने घर में घुसकर डंडों और रॉड से उनकी कार तोड़ी और घर पर पथराव भी किया था। पुलिस को दी गई शिकायत में सुरमुख सिंह निवासी पीरमुछल्ला ने ढकोली थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी कि वह अपने परिवार सहित घर पर मौजूद थे, तो 12 फरवरी की रात करीब 11 बजे कुछ लोग उनके घर के बाहर खड़े गाली गलौज कर रहे थे। जब वह उनको रोकने के लिए बाहर गए तो बाहर खड़े निर्भय सिंह ने उनकी पीठ पर डंडा मारा था। इस दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन पुलिस की परवाह किए बिना उसके साथ मौजूद अन्य हमलावर भी उस पर टूट पड़े। इतने में मेरा भाई जरनैल सिंह भी वहां पहुंच गया और हमलावरों ने उसके साथ भी मारपीट शुरू कर दी थी और उसे गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था। इसके बाद हमलावरों ने उनके घर में घुसकर गुंडागर्दी की और घर में खड़ी कार के शीशे तोड़ दिए। इसके बाद हमलावर उनको जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए। हमलावरों ने भागते समय यह भी धमकी दी थी कि अगर पुलिस शिकायत दी तो उनके परिवार के लिए ठीक नहीं होगा। जिससे वह बहुत डर गए थे और पुलिस को शिकायत नहीं दी थी। लेकिन परिवार के कहने के बाद पुलिस को इसकी शिकायत दी गई।
थाना ढकोली के जांच अधिकारी निर्मल सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता सुरमुख सिंह की शिकायत पर 10 लोगों के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया है। इन आरोपियों में अजीत सिंह, जसवीर सिंह, अमन, सुखविंदर सिंह, गुरविंदर सिंह, निर्भय सिंह, कुलबीर सिंह, जसकरन सिंह, गुरविंदर सिंह, गुरदीप सिंह और उनके अन्य साथियोें के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।