मोहाली। विदेश भेजने के नाम पर ठगी का एक नया मामला सामने आया है। पुलिस ने कनाडा भेजने के नाम पर रुपये हड़पने और पासपोर्ट वापस न करने के आरोप में एक इमिग्रेशन एजेंट और उसके मैनेजर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दशमेश नगर माछीवाड़ा (लुधियाना) निवासी परमिंदर कौर की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है। शिकायत के अनुसार उनकी बेटी मनजिंदर कौर को कनाडा भेजने के लिए वर्ष-2022 में फेज-10, सेक्टर-64 स्थित बाज इंटरनेशनल नामक इमिग्रेशन कंपनी से संपर्क किया गया था। कंपनी की मैनेजर प्रियंका शर्मा और मालिक कमलजीत सिंह ने पीआर प्रोसेस 6 से 8 माह में पूरा होने का भरोसा दिलाया।
शिकायतकर्ता के मुताबिक अलग -अलग तारीखों में बैंक ट्रांसफर, आरटीजीएस, पेटीएम और नकद के जरिए कुल 4 लाख 8 हजार रुपये आरोपियों को दिए। इसके बावजूद न तो वीजा लगा और न ही पैसे लौटाए। आरोप है कि आरोपियों ने झूठे वादे किए, फर्जी टिकट दी और बेटी का पासपोर्ट भी अपने पास रख लिया। मामले की जांच एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट मोहाली ने की। जांच में सामने आया कि रकम की वसूली मुख्य रूप से कमलजीत सिंह ने की थी। रुपये लौटाने के लिए दिए चेक भी बाउंस हो गए। जांच रिपोर्ट में इसे सोची-समझी साजिश के तहत की गई ठगी बताया गया। जांच के बाद वरिष्ठ कप्तान पुलिस मोहाली के आदेश पर थाना फेज-11, मोहाली में कमलजीत सिंह और मैनेजर प्रियंका के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।