खरड़। सीआईए खरड़ ने क्षेत्र से दो छात्रों को बाइक चुराने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपियों को शनिवार को खरड़ अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें बाल सुधार गृह होशियारपुर भेज दिया गया।
जांच अधिकारी हरमिंदर सिंह ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि चोरी वारदातों में संलिप्त गांव बलौंगी की दशमेश नगर कालोनी एवं आदर्श कालोनी बलौंगी निवासी किशोर चोरी के इरादे से शुक्रवार को खरड़ क्षेत्र में चोरी की बाइक पर घूम रहे हैं। पुलिस ने नाकाबंदी कर तीन किशोरों को काबू किया। जिनमें से एक को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया, जबकि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इनके विरुद्ध सिटी थाना खरड़ में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों में से एक की निशानदेही पर दो और बाइक भी बरामद की हैं। इस किशोर को सिगरेट पीने के आरोप में मोहाली स्थित उसके स्कूल से निकाल दिया गया था। दूसरा आरोप नाैंवी कक्षा का छात्र है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पिछले एक सप्ताह के भीतर ही तीनों बाइक चुराए थीं, जिनमें से एक बाइक शिवालिक स्कूल खरड़ की पार्किंग से, दूसरी बाइक बाबा बालक नाथ मंदिर बलौंगी के बाहर से, जबकि तीसरी बाइक जेटीपीएल के सेक्टर-70 स्थित कार्यालय से चुराई थीं।