जीरकपुर। नगर परिषद चुनाव के लिए मंगलवार को तीसरे दिन नगर परिषद के रिटर्निंग ऑफिस में अलग-अलग पार्टियों के 99 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। इनमें कवरिंग उम्मीदवार भी शामिल हैं। बता दें कि अकाली दल के 31 के 31 उम्मीदवारों ने मंगलवार को एनके शर्मा की अगुवाई में अपने नामांकन पत्र दाखिल कर दिए हैं। हालांकि कांग्रेस के किसी भी उम्मीदवार ने तीसरे दिन भी अपना नामांकन पत्र नहीं भरा है। बता दें कि बुधवार को नामांकन भरने का अंतिम दिन है। वीरवार को स्क्रूटनिंग होगी और शुक्रवार को नामांकन वापस लेने का अंतिम दिन होगा। इसके अलावा आम आदमी पार्टी के 23 उम्मीदवारों ने जीरकपुर से नियुक्त हुए ऑब्जर्वर नवजोत सैनी की अध्यक्षता में अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। वहीं बीजेपी से 1 उम्मीदवार व आजाद पार्टी से 4 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। इस बार नगर परिषद चुनाव में आजाद उम्मीदवारों के लिए 164 चुनाव निशान रखे गए हैं। दरअसल 30 जनवरी को नामांकन भरने का पहला दिन था, लेकिन उस दिन किसी भी पार्टी के उम्मीदवार ने नामांकन नहीं भरा था।
नामांकन से पहले सभा के बाद किया शक्ति प्रदर्शन
विधायक एनके शर्मा ने उम्मीदवारों से नामांकन पत्र दाखिल करवाने से पहले एक निजी फार्म हाउस में एक सभा करके शक्ति प्रदर्शन किया गया।
विधायक एनके शर्मा ने कांग्रेस पार्टी की आलोचना करते हुए कहा कि इनके नेता के पास शहर के विकास के लिए कोई एजेंडा नहीं है और विरोधी पार्टियों के पास लोगों की समस्याओं के साथ कोई सरोकार नहीं है, बल्कि अपने निजी स्वार्थ के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। विधायक एनके शर्मा ने कहा कि हम अपनी कारगुजारी के आधार पर लोगों के पास जाएंगे और चुनाव में शिरोमणि अकाली दल रिकार्ड तोड़ जीत दर्ज करेगा।
वहीं, हलका के कांग्रेस इंचार्ज दीपेंद्र सिंह ढिल्लों ने कहा कि उनकी पार्टी की तरफ स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर सभी 31 वार्डों के लिए उम्मीदवार तैयार हो चुके हैं और बुधवार लोहगढ़ पार्टी कार्यालय में सभी उम्मीदवार एकत्रित होकर सीधा नामांकन पत्र दाखिल करने जाएंगे।