मोहाली। नगर निगम चुनाव के लिए नामांकन फार्म भरने के तीसरे दिन मंगलवार को कांग्रेस के सेहत मंत्री बलबीर सिंह सिद्घू के भाई अमरजीत सिंह जीती सिद्घू समेत सभी कांग्रेस के उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए। इन सभी उम्मीदवारों ने अपने नामांकन सेहत मंत्री बलबीर सिंह सिद्घू की अगुवाई में भरे। इस दौरान नामांकन करने वाले सभी कांग्रेसी नेताओं ने पूरा शक्ति प्रदर्शन किया और कई नेता ढोल की थाप पर नामांकन भरने पहुंचे थे। इतना ही नहीं प्रशासन ने इस दौरान जो कोविड संबंधी गाइड लाइन तय की थी वह भी हवा में उड़ गई। इस अवसर पर सेहत मंत्री बलबीर सिंह सिद्घू ने कहा कि कांग्रेस ने पहले भी एक साथ 50 सीटों पर नामांकन दाखिल किए थे। वहीं, एक साथ 50 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन दाखिल किए हैं। यह लक्षण एक बहुत बड़ा जीत का संकेत दे रहे हैं।
सेहत मंत्री सिद्घू ने कहा कि हमारे विरोधी दल इस समय उस तरह बिखरे हुए हैं जैसे कि खरबूजा फटकर बिखर जाता है। विरोधी दल दो-दो उम्मीदवार तलाश कर ला रहे हैं। अभी तक कोई पूरे 50 उम्मीदवार तक पूरे नहीं कर पाया। हम विकास के नाम पर बार-बार चुुनाव लडेंगे और जो चार साल में उनकी सरकार ने विकास के काम किए हैं उनको जनता के सामने रखा जाएगा। जब उनसे सवाल किया गया कि विरोधी दलों का कहना है कि कांग्रेस पार्टी की ओर से शहर के विकास को रोका गया है तो इस पर सेहत मंत्री का जवाब था कि ऐसी कोई बात नहीं है। विरोधी पार्टियों के पास चुनाव लड़ने के लिए कोई मुद्दा ही नहीं है। उन्होंने कहा कि विकास नहीं करवाया तो मोहाली मेडिकल कॉलेज कैसे बना, लांडरां वाला रोड किसने बनवाया। कम्युनिटी सेंटर और कम्युनिटी मेडिकल हेल्थ सेंटर किसने बनवाया। उन्होंने कहा कि सरकार के पैसों से यह सब विकास के काम किए गए हैं, किसी ने भी अपने घर से पैसे नहीं लगाए।
अकाली दल चुनाव लड़ने से डरा
इस मौके पर सेहत मंत्री बलबीर सिंह सिद्घू ने एक विकास से जुड़े सवाल के जवाब में कहा कि अकाली दल वालों की हालत चूहों की तरह हो गई है। उनके नेता तकड़ी के निशान पर ही चुनाव लड़ने से डर रहे हैं और वह मैदान तक छोड़ गए हैं। उन्होंने इस दौरान केंद्र की भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि केंद्र सरकार को किसानों का दर्द समझना चाहिए और किसानों के हित के लिए उनके हिसाब से ही कृषि के लिए कानून बनाए जाने चाहिए।
केंद्र सरकार ईस्ट इंडिया कंपनी की तरह
सेहत मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से पास किया गया बजट नई बोतल में पुरानी शराब वाला हाल है। इसमें कोई नई चीज नहीं है। किसी भी वर्ग को इससे फायदा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार ईस्ट इंडिया कंपनी की तरह काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उस समय अंग्रेज थे, अब यह लोग हैं जो सभी सरकारी सेक्टरोें को निजी हाथों में सौंपते जा रहे हैं और उन्होंने लाल किला तक बेच दिया है।
अब तक जिले में 652 लोगों ने भरे नामांकन
जानकारी के मुताबिक जिला मोहाली में नामांकन दाखिल करने के तीसरे दिन अब तक अलग-अलग पार्टियों के कुल 652 उम्मीदवारों ने नामांकन फार्म भरा है। इनमें मोहाली से 178, नयागांव से 73, बनूड़ से 24, कुराली से 48, डेराबस्सी से 59, जीरकपुर से 90, लालड़ू से 70, खरड़ से 110 उम्मीदवारों नेे नामांकन दाखिल किए हैं। इनमें अकाली दल, भाजपा, कांग्रेस और आजाद ग्रुप के उम्मीदवार शामिल हैं।