नाके पर तीन युवक गिरफ्तार, चोरी के 18 मोबाइल बरामद
पुलिस ने बैंक कैशियर से मारपीट व मोबाइल छिनने का मामला हल करने का किया दावा
अमर उजाला ब्यूरो
लालड़ू। गांव खजूरमंडी के निकट लिंक मार्ग स्थित टी-प्वांइट पर पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान तीनों युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी के 18 मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद हुआ है। पुलिस ने तीनों युवकों को डेराबस्सी अदालत में पेश किया, वहां से उन्हें तीन दिन के लिए रिमांड पर भेज दिया गया।
लालड़ू थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अमरप्रीत सिंह ने बताया कि रिंकू पुत्र रामेश्वर दास लालड़ू मंडी में किराए के मकान में रहता है। वह इंडियन ओवरसीज बैंक में कैशियर के पद पर तैनात है। रिंकू ने पुलिस को दी शिकायत में कहा था कि वह पिछले दिनों रात में खाना खाने के बाद सैनी मार्केट स्थित सर्विस रोड पर सैर कर रहा था। वहां दो बाइक पर आए चार अज्ञात युवकों ने उसके साथ मारपीट की और मोबाइल छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने चार अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच कर रही थी। एएसआई जसविंदर सिंह ने बताया कि गांव खजूर मंडी की टी प्वाइंट पर नाकाबंदी की गई थी। इस दौरान तीन युवक बाइक पर नाके की ओर आ रहे थे और पुलिस को देख कर वापस जाने लगे। शक होने पर पुलिस ने उन्हें रोक कर तलाशी ली तो उनके पास से चोरी के 18 मोबाइल फोन मिले। तीनों युवकों की पहचान गुरजोत सिंह उर्फ खालसा पुत्र गुलजार सिंह, गुरप्रीत सिंह उर्फ प्रीत पुत्र होशियार सिंह, दलजीत सिंह उर्फ बंटी पुत्र दलेर सिंह तीनों निवासी बासमा, जिला पटियाला के रूप में हुई। तीनों की आयु 21 से 23 वर्ष के बीच है ,जो आठवीं और दसवीं पास हैं। पुलिस ने बताया कि चौथे साथी को भी जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।