मोहाली। निकाय चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के आखिरी दिन बुधवार को जिले में 650 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन दाखिल किए। इसके साथ ही अब चुनाव मैदान में कुल 1503 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमाएंगे। जबकि जिले में सबसे ज्यादा नामांकन मोहाली नगर निगम के लिए भरे गए हैं। यहां 419 लोग मैदान में है।
वहीं, वीरवार को उम्मीदवारों की ओर से दाखिल किए नामांकन फार्मों की पड़ताल की जाएगी। इसके साथ ही शुक्रवार को उम्मीदवार अपने नाम वापस ले पाएंगे। इसके बाद जो उम्मीदवार मैदान में रह जाएंगे, उन्हें चुनाव चिन्ह अलाट कर दिए जाएंगे। जानकारी के मुताबिक नामांकन के आखिरी दिन मोहाली में 138, नयागांव में 101, बनूड़ में 27, कुराली में 56, डेराबस्सी में 81, जीरकपुर में 130, लालड़ू में 26, खरड़ में 91 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए हैं। इसके साथ ही मोहाली से अब कुल 419, नयागांव नगर काउंसिल में 179, कुराली में 106, डेराबस्सी में 150, जीरकपुर में 229, लालडू में 129 और खरड़ में 234 लोगों ने नामाकंन दाखिल किए हैं। नामांकन दाखिल करने के आखिरी दिन मोहाली नगर निगम के लिए भाजपा की ओर से रंजना मिश्रा, साहिबी आनंद समेत कई नेताओं ने अपने नामांकन भरे। इस दौरान आजाद ग्रुप की ओर से तीन उम्मीदवारों ने नामांकन भरे। जबकि अकाली दल की तरफ से भी नामांकन फार्म भरे गए हैं। इस अवसर पर सीनियर अकाली नेता चरणजीत सिंह बराड़ मौजूद रहे।
दिग्गज नेताओ ने संभाली प्रचार की कमान
नामांकन फार्म भरने के साथ ही शहर में सभी दलों ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। सेहत मंत्री बलबीर सिंह सिद्घू के अलावा उनकी पत्नी, बेटा और भाभी भी कांग्रेसी उम्मीदवारों के हक में जुट गए हैं। वहीं, आजाद ग्रुप और आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों के हक में पूर्व मेयर कुलवंत सिंह खुद ही लोगों के घर-घर जाकर वोट मांग रहे हैं। वहीं, भाजपा की ओर से सीनियर नेता केडी भंडारी, संजीव वशिष्ट, अशोक झा और अरुण शर्मा प्रचार में जुटे हुए हैं। जबकि शिरोमणि अकाली दल की तरफ से पूर्व सांसद प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा और सीनियर अकाली नेता चरणजीत सिंह चन्ना प्रचार कर रहे हैं।
लाइसेंसी असलाह थानों में जमा करवाएं
जानकारी के मुुताबिक नगर परिषद और नगर निगम के चुनावों को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने तय करके आदेश दिया है कि सभी उम्मीदवार जिनके पास लाइसेंसी असलाह है वह थाने या डीलरों के पास जमा करवाएं। यह पूरी कवायद चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने के लिए की जा रही है।
ईवीएम से होगा मतदान, तैयारियां पूरी
जानकारी के मुुताबिक नगर निगम चुनाव ईवीएम के जरिये ही होंगे। इसके लिए पहली रिहर्सल सात फरवरी को की जाएगी। जबकि 14 फरवरी को मतदान होगा। 12 को चुनाव प्रचार संपन्न हो जाएगा। इस संबंधी जिला प्रशासन की तरफ से पूरी तैयारियां कर ली गई हैं।
फेज-पांच में चुनाव प्रचार करते आजाद ग्रुप के प्रमुख एवं पूर्व मेयर कुलवंत सिंह। - फोटो : MOHALI
नामांकन पत्र जमा करवातीं भाजपा की उम्मीदवार रंजना मिश्रा।- फोटो : MOHALI