मोहाली। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित किए गए दसवीं कक्षा के रिजल्ट में प्रावइेट स्कूलों की तरह सरकारी स्कूलों का रिजल्ट भी शानदार रहा है। जिले के 37 सरकारी स्कूलों का रिजल्ट सौ फीसदी रहा है, जबकि 36 प्राइवेट स्कूल भी यह मुकाम हासिल करने में कामयाब रहे हैं। सरकारी स्कूलों के रिजल्ट से इस बार जिला शिक्षा विभाग भी काफी उत्साहित है। यहां तक कि शिक्षा विभाग ने मेरिट में आए स्टूडेंटस को सम्मानित भी किया है। वहीं, जल्दी ही टीचरों को भी सम्मानित करने की योजना पर काम चल रहा है।
जिले में कुल 108 सरकारी स्कूलों में से 44 स्कूलों का रिजल्ट 90 फीसदी से अधिक रहा है। सरकारी स्कूलों के रिजल्ट में गत वर्ष की तुलना में काफी सुधार हुआ है। गत वर्ष केवल 7 स्कूलों का ही केवल सौ फीसदी रिजल्ट था, जबकि 15 स्कूलों का रिजल्ट 90 फीसदी से अधिक रहा था। डीसी गुरप्रीत कौर सपरा ने कहा कि गत वर्ष जब रिजल्ट खराब आया था, उस दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारियों व टीचरों को रिजल्ट में सुधारने के लिए हिदायत दी गई थी। उन्होंने डीईओ को कहा था कि अगर रिजल्ट में सुधार नहीं हुआ तो उनकी तरफ से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस बार के रिजल्ट में सुधार देखने को मिला है।
शिक्षा विभाग के प्रयासों में डाली नई जान
इस साल के रिजल्ट ने जिला शिक्षा विभाग के प्रयासों में नई जान फूंक दी है। जिले के 108 स्कूलों में से 37 का रिजल्ट सौ फीसदी रहा है, जबकि 145 निजी स्कूलों में से केवल 36 का रिजल्ट 100 फीसदी रहा है। शिक्षा विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि इस साल जिले का एक भी ऐसा सरकारी स्कूल नहीं है, जिसका रिजल्ट जीरो रहा है। हालांकि पता चला है कि कुछ प्राइवेट स्कूलों का रिजल्ट कम रहा है।