डेराबस्सी। मुबारिकपुर पुलिस ने डेढ़ किलो हेरोइन की खेप के साथ 60 साल की महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला की पहचान सोमा पत्नी मुख्तियार सिंह निवासी सलेमपुर, सिधवा बेट, थाना जिला जगराओं के रूप में हुई है।
डीएसपी गुरबख्शीश सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि मुबारिकपुर थाना प्रभारी सहायक इंस्पेक्टर बलविंदर सिंह अपनी टीम के साथ के चंडीगढ़-अंबाला हाईवे पर नाका लगाकर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान अंबाला की ओर से एक महिला कंधे पर काला बैग टांग कर पैदल आ रही थी और सामने पुलिस को देखकर घबरा गई और पीछे मुड़ने लगी। पुलिस ने शक होने पर उसे रोका और बैग की तलाशी ली तो उसमें से हेरोइन बरामद हुई। हेरोइन की जांच के लिए मौके पर राहुल भारद्वाज, डिप्टी कैप्टन, पुलिस नारकोटिक्स जिला मोहाली को बुलाकर जांच करवाई गई। महिला ने हेरोइन को कई छोटे-छोटे हिस्सों में पैक करके रखा था। जांच में इसका वजन डेढ़ किला निकला। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस की पूछताछ में महिला ने बताया कि उसे यह बैग अंबाला से एक अज्ञात व्यक्ति ने दिया था और पंजाब में किसी को देना था। पुलिस ने बताया कि महिला के परिवार में कोई नहीं है। उसके पति और बच्चों की पहले ही मौत हो चुकी है। उसे अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड मांगा जाएगा।