मोहाली। ब्लॉक माजरी के गांव गोचर स्थित एक गोशाला में अचानक पशुओं की तबीयत बिगड़ने के बाद छह पशुओं की मौत हो गई। वहीं 25 के करीब पशुओं को डॉक्टरी सहायता से बचा लिया गया। सूचना मिलने के बाद पंजाब गऊ सेवा कमीशन के सदस्य राजवंत राय शर्मा ने मौके का दौरा किया। साथ ही वहां पर मौजूद डॉक्टरों और गोशाला के प्रबंधकों से इस बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने कहा कि हरे चारे में किसी जहरीली चीज के आने से पशुओं की मौत हुई है। उन्होंने इसकी रिपोर्ट गऊ सेवा कमीशन को भेज दी है। साथ ही पशुओं के सैंपल जांच के लिए विसरा लैब भेजे गए हैं। जांच के बाद ही सारी स्थिति साफ हो पाएगी।
जानकारी के मुताबिक गोचर स्थित गोशाला में वीरवार रात करीब आठ बजे पशुओं की अचानक तबीयत बिगड़ना शुरू हो गई थी। एक के बाद एक पशु अचानक बेसुध हो गए। गोशाला प्रबंधकों ने तुरंत इस संबंधी सरकारी डॉक्टरों को बताया और उन्होंने इलाज करके 25 पशुओं को बचा लिया जबकि दो बैलों व चार गायों की मौत हो गई।
बता दें कि यह पहला मौका नहीं है इससे पहले राजपुरा स्थित गोशाला में भी कुछ दिन पहले पच्चीस के करीब पशुओं की मौत का मामला सामने आ चुका है। उनकी तबीयत भी हरा चार खाने के बाद बिगड़ी थी।