मोहाली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन के मद्देनजर जिला प्रशासन ने मोहाली में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। एयरपोर्ट और इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस के पांच किलोमीटर के क्षेत्र को नो-फ्लाइंग जोन घोषित कर दिया है। इसके अलावा पटियाला, जीरकपुर, राजपुरा और खरड़ आने और जाने के रूट में भी बदलाव किया गया है।
राष्ट्रपति 11 मार्च को मोहाली के इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस में पहुंचेंगी। उनके आगमन को ध्यान में रखकर जिला मजिस्ट्रेट कोमल मित्तल ने सुरक्षा के मद्देनजर यह आदेश जारी किया है। सुरक्षा के मद्देनजर पांच किमी के क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने पर भी प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार की उड़ने वाली वस्तु पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यह आदेश विमानन/रक्षा विभाग द्वारा अनुमोदित उड़ानों पर लागू नहीं होगा। जिला मजिस्ट्रेट कोमल मित्तल ने कहा कि ये आदेश उक्त क्षेत्र में 11 मार्च 2025 से लागू होंगे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहाली इस आदेश का पालन करवाएंगे। राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस को मुस्तैदी से तैनात कर दिया गया है।