शहीद भगत सिंह पार्क में शुरू होगी पुलिस चौकी
बढ़ रहे अपराधों को रोकने के लिए पुलिस ने उठाया कदम
अमर उजाला ब्यूरो
कुराली।
बढ़ रहे आपराधिक वारदातों से परेशान शहर वासियों की मांग पर पुलिस विभाग ने एक बार फिर पुलिस चौकी बनाने को मंजूरी दे दी है। यह चौकी शहर की मार्केट कमेटी रोड पर बने शहीद भगत सिंह पार्क में खोली जा रही है। इस पार्क में खाली पड़े कमरों का प्रयोग चौकी के लिए किया जाएगा। इस इमारत में चौकी का बोर्ड लगा दिया गया है। पार्क में चौकी खुलने से लोगों में खुशी है। वहीं कुछ लोग इसका विरोध कर रहे हैं। शहर वासी रमाकांत कालिया, सुमित सूद, दिनेश गौतम, ललित कुमार, कुलदीप चंद और गोरा लाल पराशर ने पार्क में चौकी खोले जाने का स्वागत करते हुए कहा कि शहर वासियों की सुरक्षा के लिए यह जगह सही है। उन्होंने चौकी खोलने के लिए डीजीपी पंजाब सुरेश अरोड़ा और पूर्व कैबिनेट मंत्री जगमोहन सिंह कंग का आभार जताया। वहीं दूसरी तरफ पार्क में चौकी खोले जाने का विरोध करते हुए काउंसिल के पूर्व प्रधान जसविंद्र सिंह गोल्डी, लक्की कलसी, राजेश राठौर, विपन कुमार, प्रबोध जोशी ने कहा कि शहर में एक मात्र पार्क में चौकी खोलना गलत है, जबकि लखविंद्र कौर गरचा ने भी इसे गलत बताते हुए कहा कि पार्क में चौकी नहीं खुलने दी जाएगी।
क्या कहते हैं अधिकारी
एसएचओ प्रभजोत कौर ने चौकी के जल्द शुरू होने की पुष्टि करते हुए कहा कि विभाग की ओर से चौकी इंचार्ज नियुक्त कर दिया गया है और जल्द ही अन्य स्टाफ भी आ रहा है। नव नियुक्त इंचार्ज निद्दान सिंह ने कहा कि उनको नई चौकी का इंचार्ज नियुक्त किया गया है। शहर की सुरक्षा और अपराधियों पर नकेल कसना उनकी प्राथमिकता होगी।
कैपशन : कुराली शहीद भगत सिंह पार्क में खोली जा रही पुलिस चौकी को लेकर लगाया गया साइन बोर्ड।