खरड़। विधानसभा हलका खरड़ में चुनाव में ड्यूटी के लिए तैनात पोलिंग स्टाफ को ईवीएम और चुनाव सामग्री संबंधी जानकारी देने के लिए सरकारी बहुतकनीकी कॉलेज खूनीमाजरा में चुनाव रिहर्सल करवाई गई। विधानसभा हलका के चुनाव अधिकारी-कम-एसडीएम खरड़ अविकेश गुप्ता ने चुनाव रिहर्सल में मौजूद पोलिंग स्टाफ को संबोधित करते हुए कहा कि अगर चुनाव के दौरान स्टाफ का अधिकारी या कर्मचारी किसी भी तरह की कोताही करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और किसी को भी बक्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि इस हलके में 316 पोलिंग बूथ और 396 पोलिंग पार्टियां अलाट की गई हैं और 28 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं।
चुनाव रिहर्सल के दौरान पोलिंग स्टाफ को डिजिटल तरीके से अलग-अलग हॉल में एलईडी लगाकर ईवीएम और चुनाव संबंधी जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि अगर पोलिंग स्टाफ में तैनात प्रीजाइडिंग अफसर, पोलिंग अफसर को जानकारी के बारे में पता नहीं लगा है तो वह सुपरवाइजरों और मास्टर ट्रेनरों से जानकारी ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग की हिदायतों के मुताबिक पोलिंग स्टाफ अब बैलट पेपर द्वारा अपनी वोट डाल सकता है। चुनाव रिहर्सल में करीब 800 कर्मचारियों ने फार्म नंबर-12 भर दिया है। उन्होंने बताया कि यह फार्म संबंधित हलके के रिटर्निंग अफसर को भेजा जाएगा। जहां से बैलट पेपर आएगा और तहसील दफ्तर खरड़ में विशेष तौर पर बैलट वोट के लिए बाक्स लगाए जाएंगे या संबंधित विधानसभा हलके को सील करके भेजे जाएंगे।
इस अवसर पर अविकेश गुप्ता ने पोलिंग स्टाफ को हिदायतें जारी करते हुए कहा कि जिन कर्मचारियों की ओर से अभी तक यह फार्म नहीं भरा गया है, वह भरकर तुरंत जमा करवाएं। इस मौके पर सब रजिस्ट्रार खरड़ राकेश कुमार गर्ग, नायब तहसीलदार विवेक निर्मोही, नायब तहसीलदार माजरी, दीपक भारद्वाज, चुनाव कानूनगो अवतार सिंह, संजीव कुमार, धर्म सिंह, गुरमीत सिंह, विकास जैन, रणविंदर सिंह और दविंदर सिंह समेत हलके में काम कर रही टीमों के इंचार्ज मौजूद थे।
फोटो कैप्शन- सरकारी बहुतकनीकी कालेज खूनीमाजरा में पोलिंग स्टाफ को मास्टर ट्रेनर जानकारी देते हुये।
फोटो नंबर- 07 खरड़-फोटो नंबर 01