जीरकपुर। सीआईएसएफ कर्मचारी का एटीएम कार्ड क्लोन कर खाते से 3 लाख 89 हजार रुपये निकाल लिए गए। जबकि असली कार्ड उनके पास था। यही नहीं, केस दर्ज कराने के 66 दिन बाद भी अपराधियों का पता नहीं चला।
शिकायतकर्ता रमेश कुमार निवासी एससीएफ 8 हाईलैंड सोसायटी बलटाना ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए भी उन्हें तीन बार शिकायत देनी पड़ी। पहली शिकायत 8 जनवरी, दूसरी शिकायत 16 अप्रैल जबकि तीसरी शिकायत 3 मई को दी। लेकिन पुलिस ने कोई कदम नहीं उठाया।
रमेश कुमार ने बताया कि सीआईएसएफ में नौकरी करते हैं और मोहाली में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तैनात हैं। उनका खाता एसबीआई में है, जिसकी ब्रांच गोविंद विहार जीरकपुर में है। रमेश के मुताबिक, उनकी जानकारी के बिना खाते से रुपये निकल गए। इसकी जानकारी बैंक वालों की कॉल से हुई। उन्होंने बैंक जाकर स्टेटमेंट निकाली तो पता चला कि खाते से कुल 3 लाख 89 हजार रुपये निकाले जा चुके हैं। जबकि उनका एटीएम कार्ड उनके पास है। बैंक ने उन्हें बताया कि ऑनलाइन ठगों ने एटीएम कार्ड क्लोन कर लिया था। इसके बाद डुप्लीकेट कार्ड तैयार कर उसके खाते से अलग-अलग एटीएम से पैसे निकाले। रमेश का आरोप है कि उसके खाते से हुई ट्रांजेक्शन का उसके मोबाइल पर कोई मैसेज नहीं आया जबकि उसके द्वारा बार-बार बैंक जाकर बैंक संबंधी डिटेल उसके मोबाइल पर ना आने की जानकारी दी जाती रही लेकिन बैंक कर्मचारियों ने इस पर गंभीरता नहीं दिखाई।